Nagpur Violence: औरंगजेब विवाद के बीच दो गुटों में झड़प, आगजनी-पथराव, DCP चोटिल, CM फडणवीस की शांति की अपील
Nagpur Violence News: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार (17 मार्च 2025) को औरंगजेब (Aurangzeb Controversy)की कब्र हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान दो गुटों के बीच झड़पें हो गईं, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। हालात इतने बिगड़ गए कि कई वाहनों में आग लगा दी गई और पथराव हुआ। पुलिस ने स्थिति को काबू में लाने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे।
दरअसल, दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान दो गुटों में बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके का फायदा उठाकर गाड़ियों में आगजनी कर दी और पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हालात तेजी से बेकाबू होते गए और पूरे महल इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आगजनी में फायरमैन घायल, DCP चोटिल
फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि दो जेसीबी मशीनों और कई अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में एक फायरमैन भी घायल हो गया।
पुलिस उपायुक्त (DCP) अर्चित चांडक ने बताया कि यह घटना कुछ गलतफहमी के कारण हुई और अब हालात काबू में हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी फोर्स मजबूत है, नागरिकों से अपील है कि वे घरों से बाहर न निकलें और पत्थरबाजी में शामिल न हों।' हालात संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं, जिसमें खुद DCP अर्चित चांडक भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस और गडकरी ने की ये अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने नागपुर के नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'नागपुर हमेशा से शांति और भाईचारे का शहर रहा है। मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें।'
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस घटना पर चिंता जताई और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
क्षेत्र में हाई अलर्ट, इंटरनेट सेवा बंद करने पर विचार
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंसा की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन इंटरनेट सेवाएं बंद करने पर भी विचार कर रहा है, ताकि अफवाहें न फैलें।
नागपुर की यह घटना राजनीतिक और धार्मिक रूप से संवेदनशील मुद्दों से जुड़ी हुई है, इसलिए प्रशासन पूरी सख्ती से स्थिति को नियंत्रित करने में लगा हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी उकसाने वाली खबर या अफवाह से दूर रहने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications