Nagpur Nikay Chunav: नागपुर में BJP उम्मीदवार भुषण शिंगणे पर हमला, चुनावी माहौल में बढ़ा तनाव
Nagpur Nikay Chunav: महाराष्ट्र में आगामी बीएमसी और निकाय चुनाव के लिए गुरुवार (15 जनवरी) को मतदान हो रहा है। इस बीच नागपुर में बीजेपी उम्मीदवार पर हमले से सियासी माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार भुषण शिंगणे पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी घटना पर चिंता जाहिर की।
जानकारी के अनुसार, भुषण शिंगणे बुधवार को देर शाम किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बीजेपी नेताओं ने इस हमले को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कड़ी निंदा की है।

नितिन गडकरी ने हमले पर जताई चिंता, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीजेपी उम्मीदवार पर हुए हमले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, 'मैं अभी शिंगने जी के घर उनसे मिलने जा रहा हूं। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। नागपुर ही नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में यह परंपरा रही है कि चुनाव के 15 दिनों के दौरान हम अपने विचार रखते हैं। आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन चुनाव के बाद फिर विपक्षी दलों से भी संबंध सामान्य हो जाते हैं। ऐसे में यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह की घटनाओं से बचना चाहिए। अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस को निश्चित रूप से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक यह उनकी जान लेने की कोशिश थी। यह बिल्कुल भी अच्छी बात नहीं है।'
Bhushan Shingane ने दर्ज कराया केस
- घटना के बाद भुषण शिंगणे की ओर से स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- शुरुआती जांच में चुनावी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
- सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की कोशिश जारी है।
Nagpur Nikay Chunav: बीजेपी ने विपक्ष पर लगाया हिंसा का आरोप
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि निकाय चुनावों के दौरान विपक्ष हिंसा पर उतर गया है। बीजेपी ने कहा कि विपक्षी दल हिंसा और डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है। विपक्षी दलों ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही है।
BMC Chunav से तय होगी महाराष्ट्र की राजनीति
बता दें कि महाराष्ट्र में बीएमसी समेत कई नगर निगम और नगर परिषद चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। इन चुनावों के नतीजे से प्रदेश की राजनीति के सियासी समीकरणों प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में उम्मीदवारों पर हमले जैसी घटनाएं चुनावी माहौल को और अधिक संवेदनशील बना रही हैं। फिलहाल पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और बिना किसी डर के मतदान करने का आग्रह किया है।












Click it and Unblock the Notifications