घर के बाहर बैठी बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया हमला, अपनी छड़ी से ही लड़ गई महिला, वीडियो
मुंबई, 30 सितंबर: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक बुजर्ग महिला पर अचानक एक तेंदुए ने हमला कर दिया। गोरेगांव की आरे कॉलोनी में बुधवार शाम को ये घटना हुई है। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी छड़ी से ही तेंदुए को किसी तरह खदेड़ दिया। महिला को मामूली चोटें आई हैं, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में भी कैद हो गई। इसका वीडियो अब काफी वायरल हो रहा है।

अचानक किया तेंदुए ने हमला
आरे कॉलोनी की रहने वाली करीब 60 साल की निर्मला देवी बुधवार शाम को घर के बाहर टहलने निकली थीं। इसी दौरान वो बरामदे में बैठ गईं कि तभी यहां पहले से छुपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। वीडियो दिख रहा है कि महिला बरामदे में सुस्ताने को बैठती है कि तभी पीछे से तेंदुआ उन पर ढपट पड़ता है। पहले तो महिला उसकी तरफ हाथ-पांव चलाती है फिर सूझबूझ से काम लेते हुए छड़ी से उस पर कई वार करती हैं। जिससे तेंदुआ भाग जाता है।
Recommended Video
महिला को मामूली चोटें
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी दौड़कर वहां पहुंचे और महिला को संभाला। महिला को तेंदुए के इस हमले में कई जगह चोटें लगी हैं लेकिन राहत की बात ये है कि कोई भी जख्म गंभीर नहीं है। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। जहां उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई।

तीन दिन में तेंदुए का दूसरा हमला
गोरेगांव आरे कॉलोनी में बुधवार शाम को महिला पर हुए तेंदुए के हमले के बाद यहां के लोगों में दहशत है। इसकी वजह ये है कि तीन दिन के भीतर दो बार लोगों पर तेंदुए के हमले हो चुके हैं। हाल ही में एक बच्चे पर तेंदुए ने हमला किया था। वहीं तेंदुए के हमले की खबर पर वन विभाग के कर्मचारियों ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने की कोशिशें की जा रही है। बता दें कि आरे कॉलोनी से सटा हुआ बोरिवली नैशनल पार्क है, इसलिए अक्सर जंगल से तेंदुए बस्ती में आ जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications