मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा गिरा, 13 लोग घायल
मुंबई, 17 सितंबर। एक बड़ी खबर मायानगरी से है, यहां आज सुबह तड़के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा गिर गया, जिसके कारण 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ANI के मुताबिक ये हादसा आज सुबह 4:40 बजे हुआ। मौके पर इस वक्त फायरब्रिगेड के अधिकारी और पुलिस दल मौजूद हैं। मलबे में लोगों की दबने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है । अचानक हुए हादसे से इस वक्त वहां अफरातफरी का माहौल है।
Recommended Video
हालांकि इस बारे में मीडिया से बात करते हुए डीसीपी मंजूनाथ सिंगे ने कहा कि बीकेसी मुख्य सड़क और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड को जोड़ने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा आज सुबह लगभग 4:30 बजे ढह गया। 13 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई जनहानि नहीं है और कोई व्यक्ति लापता नहीं है। स्थिति काबू में है। हम घटना के कारणों को पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
दीवार गिरने से लड़के की जान चली गई
मालूम हो कि अभी पिछले दिनों भारी बारिश ने मुंबई में कहर बरपाया हुआ था। यहां के भांडुप में दीवार गिरने से लड़के की जान चली गई थी। हादसे की जानकारी देते हुए मुंबई नगर निगम ने बताया था कि भारी बारिश के चलते भांडुप में 16 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। इसके अलावा अंधेरी इलाके में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बारिश के कारण कई जगहों में पानी भर गया था और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
बता दें कि पिछले दिनों बारिश के कारण के मुंबई के कई इलाकों से पुरानी और जर्जर इमारतों के गिरने की खबर आई थी, हालांकि जिन जगहों पर ये हादसा हुआ, वहां पहले से ही लोगों को हिदायत दे दी गई थी, जिसकी वजह से जान-मान का मुकसान नहीं हुआ था।