Mumbai Metro Update: 10.5 किमी सेक्शन का सफल ट्रायल रन, वडाला से गैमुख तक लोगों को मिलेगी राहत
Mumbai Metro Update: मुंबई मेट्रो लाइन 4 और मुंबई मेट्रो लाइन 4A, जिसे 'ग्रीन लाइन' के नाम से जाना जाता है के यात्रियों के लिए खुशखबरी आई है। मुंबई और ठाणे के बीच कनेक्टिविटी को नया आयाम देने के लिए तैयार हैं। 24 मार्च 2026 तक सामने आए अपडेट्स के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
पहले चरण में अप्रैल 2026 तक ठाणे के कैडबरी जंक्शन से गैमुख के बीच लगभग 10.5 किमी लंबे हिस्से को चालू करने की योजना है। इस सेक्शन पर हाल ही में सफल ट्रायल रन पूरे हो चुके हैं, जिससे अधिकारियों का भरोसा बढ़ा है कि यह समयसीमा के भीतर शुरू हो जाएगा। इस खंड के शुरू होने से घोडबंदर रोड पर लंबे समय से बनी ट्रैफिक समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Mumbai Metro Update: रूट पर होंगे 32 स्टेशन, अप्रैल में खुलेगा
- दूसरे चरण में अगस्त 2026 तक पूरी 32.32 किमी लंबी लाइन को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है, जो वडाला, चेंबूर, घाटकोपर, मुलुंड और ठाणे जैसे प्रमुख इलाकों को जोड़ेगी।
- इस कॉरिडोर पर कुल 32 स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन भी शामिल हैं। वडाला से यात्रियों को मोनोरेल और प्रस्तावित लाइन 11 से कनेक्शन मिलेगा।
- घाटकोपर पर मुंबई मेट्रो लाइन 1 और सेंट्रल रेलवे लोकल से सीधा जुड़ाव होगा। वहीं कांजुरमार्ग पर भविष्य की पिंक लाइन (लाइन 6) से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
Mumbai Metro Line 4: भूमि विवाद का भी हुआ निपटारा
इस परियोजना में मोगरपाड़ा डिपो एक अहम कड़ी है। लंबे समय से भूमि विवाद के कारण रुका हुआ यह काम अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। ठाणे में बन रहा यह डिपो एशिया के सबसे बड़े मेट्रो डिपो में शामिल होगा, जहां एक साथ कई ट्रेनों का रखरखाव किया जा सकेगा। यात्रा के लिहाज से यह मेट्रो लाइन यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। वडाला से गैमुख तक का सफर, जो अभी सड़क मार्ग से 1.5 से 2 घंटे में पूरा होता है, मेट्रो के जरिए केवल 50-60 मिनट में तय किया जा सकेगा।
Mumbai Metro की लाइन 4 होगी पूरी तरह एलिवेटेड
पूरी तरह एलिवेटेड यह लाइन शहर की व्यस्त सड़कों के ऊपर से गुजरेगी, जिससे ट्रैफिक पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। इसके अलावा, ठाणे नगर निगम द्वारा 'फीडर बस' सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों को अंतिम मील कनेक्टिविटी मिलेगी। हालांकि, कुछ स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स का फिनिशिंग काम अभी बाकी है। ऐसे में अप्रैल की समयसीमा से पहले इन कार्यों को पूरा करना एमएमआरडीए (MMRDA) के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications