Mumbai Mayor: 'बहुत से कॉरपोरेटर्स हमारे संपर्क में हैं’, उद्धव के बाद अब संजय राउत के दावे से मचा हड़कंप
बृहद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) चुनाव में बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) की बड़ी जीत के बावजूद, उद्धव ठाकरे और उनकी शिवसेना अपनी हार मानने को तैयार नहीं हैं। हारने के बावजूद उद्धव दावा कर रहे हैं कि उनकी ही पार्टी से मुंबई का मेयर बनेगा। उद्धव के इस दावे के बाद एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के नवनिर्वाचित सभी 29 पार्षदों को होटल में रखवा दिया है।
वहीं अब शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि बड़ी संख्या में जीते हुए पार्षद हमारे संपर्क में हैं लेकिन शिंदे ने कॉर्पोरेटर्स को होटलों में कैद कर दिया है और होटलों को 'जेल' बना दिया गया है। राउत के इस बयान ने हड़कंप मचा दिया है।

ताज होटल को जेल बना दिया, पार्षदों को रिहा किया जाए
संजय राउत ने आरोप लगाया है कि बीजेपी-शिंदे गठबंधन के कॉरपोरेटर्स को ताज होटल में डर के माहौल में कैद रखा गया है। उन्होंने मीडिया से कहा, "इस गठबंधन से जीतकर आए कॉरपोरेटर्स को इस डर से होटल में बंद कर दिया गया है कि कोई उन्हें उठा ना ले, धमका ना दे या नुकसान ना पहुंचा दे।" राउत ने ताज होटल को 'जेल' बताते हुए वहाँ रखे गए 25 से 29 लोगों की तत्काल रिहाई की मांग की है।
जब सत्ता में है तो क्यों डर रही भाजपा-शिंदे शिवसेना
राउत ने ठाणे में भी अपने आरोपों को दोहराते हुए सवाल किया कि यदि फडणवीस और शिंदे की सरकार सत्ता में है, तो उनके अपने गठबंधन के कॉरपोरेटर्स अपहरण या जबरन कब्जे से क्यों डर रहे हैं? उन्होंने ताज होटल की तुलना 'यरवदा या आर्थर रोड जेल' से करते हुए इसे कॉरपोरेटर्स के अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया। संजय राउत के होटल जाने की घोषणा और आरोपों के बाद मुंबई पुलिस ने ताज की सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
संजय राउत बोले- कई कॉरपोरेटर्स उनके संपर्क में
संजय राउत ने दावा किया कि विपक्ष के पास पर्याप्त संख्याबल है और वे चाहें तो कभी भी सरकार को हटा सकते हैं, लेकिन वे लोकतंत्र का सम्मान करते हैं। राउत ने दावा किया कि कई कॉरपोरेटर्स उनके संपर्क में हैं।
उद्धव ठाकरे बोले- ...मुंबई में हमारी पार्टी का मेयर बनेगा
बता दें संजय राउत से पहले शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे कहा था कि "अगर 'देव' चाहें तो मुंबई में शिवसेना (UBT) का मेयर बनेगा।" उद्धव ने आरोप लगाया कि शिंदे गुट बीजेपी से डरा हुआ है। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुटकी लेते हुए पूछा कि 'देव' से उनका मतलब उनसे है या ऊपर वाले भगवान से। फडणवीस ने विश्वास जताया कि "ऊपर वाले भगवान ने तय कर दिया है कि मुंबई में महायुति का मेयर होगा।"
मुंबई मेयर को लेकर क्यों मचा है घमासान?
गौरतलब है कि बृहद मुंबई महानगर निगम (BMC) की सदस्य संख्या 227 है। बीजेपी-शिंदे गठबंधन वाले महायुति गठबंधन को 118 सीटें (बीजेपी 89, शिंदे गुट 29) मिली हैं, जो स्पष्ट बहुमत है। वहीं, शिवसेना (UBT) के पास 65 सीटें हैं। वहीं अन्य दलों की बात की जाए तो कांग्रेस (VBA संग) 24, MNS (UBT संग) 6, AIMIM 8, NCP (अजित पवार) 3, समाजवादी पार्टी 2, और NCP (शरद पवार) 1 सीट मिली है। ये ही वजह है कि एकनाथ शिंदे भाजपा की मजबूरी बन चुके हैं। ये ही वजह है कि शिंदे अपनी पार्टी का मेयर बनवाने के लिए सौदेबाजी करने के लिए अपने पार्षदों को सुरक्षित होटल में कैद किया है। उन्हें ये भी डर है कि उद्धव शिवसेना कहीं उनके पार्षदों की खरीद ना लें।












Click it and Unblock the Notifications