'BJP नंबर 1 पार्टी', मुंबई मेयर पद को लेकर चल रही खींचतान के बीच एकनाथ शिंदे के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस
Mumbai Mayor: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) में 89 सीटें जीतीं। वहीं, सहयोगी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 29 सीटें मिलीं, जबकि उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को महज 3 सीटें ही हासिल हो पाईं। इस चुनाव में महायुति की बड़ी जीत के बाद मुंबई में 'रिसॉर्ट की राजनीति' फिर लौट आई है। 29 सीटें जीतने वाले एकनाथ शिंदे खेमे ने अपने पार्षदों को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में दो दिनों से रखा है जिससे तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थी।

भाजपा को 'नंबर एक पार्टी'
मेयर पद को लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच रविवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बयान सामने आया है। बीएमसी चुनावों के बाद दिए गए इस बयान में उन्होंने भाजपा को 'नंबर एक पार्टी' बताया। शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के दम पर शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) कम समय में ही एक मजबूत दल के रूप में उभरी है।
जीते हुए पार्षदों से क्या बोले शिंदे?
एकनाथ शिंदे के अनुसार, अब तक हुए चुनावों में उनकी पार्टी दूसरे स्थान पर रही है, जो आगामी चुनावों की एक महत्वपूर्ण भूमिका तय करती है। उन्होंने नव-निर्वाचित नगरसेवकों से कहा कि वे अपने-अपने प्रभाग की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और सक्रिय रूप से जनता के बीच जाकर काम करें।शिंदे ने पार्षदों को नसीहत देते हुए साफ कहा कि उनके व्यवहार और बोलचाल पर नागरिकों की पैनी नजर रहती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की गलती या आरोप से बचने का ध्यान रखना चाहिए।
मुंबई का मेयर कौन होगा?
इसके साथ ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुंबई का अगला मेयर 'महायुति' से होगा। उन्होंने बताया कि सोमवार (18 जनवरी) को गट का औपचारिक गठन किया जाना है, और वे सभी सदस्यों से मिलने वाले हैं। इससे पहले, उन्होंने चुने हुए नगरसेवकों के साथ बैठक की, जिसमें मुंबई के विकास की रणनीतियों पर विशेष चर्चा हुई।
शिंदे शिवसेना ने पार्षदों को क्यों होटल में ठहराया है?
बता दें शिवसेना (शिंदे गुट) के नवनिर्वाचित पार्षदों को एक होटल में ठहराया गया है, जिस पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया है कि पार्षदों को 'बंधक' बनाया जा रहा है। इन आरोपों पर शिंदे गुट ने अपनी सफाई दी है। शिवसेना प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने स्पष्ट किया कि पार्षदों को बंधक नहीं बनाया गया है, बल्कि उन्हें एक खास मकसद से होटल में रखा गया है। यह व्यवस्था भावी मेयर चुनाव से पहले पार्षदों को प्रशिक्षित करने के लिए की गई है।
प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने बताया कि होटल में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य नवनिर्वाचित पार्षदों को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कामकाज, उसके नियमों और विनियमों से अवगत कराना है। उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि बैठकों में कैसे भाग लें और विभिन्न मुद्दों पर अपने सवाल प्रभावी ढंग से कैसे उठाएं।
इस वर्कशाप के दौरान, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्वयं पार्षदों से मुलाकात करेंगे। वे उन्हें नगर निगम के दायित्वों और लक्ष्यों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। यह पहल यह सुनिश्चित करने के लिए की गई है कि सभी नवनिर्वाचित पार्षद अपने कर्तव्यों को कुशलता से निभा सकें।
बीएमसी चुनाव परिणाम 2026
गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव के नतीजों में भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना गठबंधन ने 227 सदस्यीय निगम में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा को 89 और शिंदे गुट को 29 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications