Mumbai LPG Crisis: मुंबई में गैस सिलेंडर की किल्लत से लोग बेहाल, ईंट पर चूल्हा बना खाना पकाने को हुए मजबूर
Mumbai LPG Crisis: मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की किल्लत का असर अब आम लोगों के साथ-साथ निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों की जिंदगी पर भी साफ नजर आने लगा है। खासतौर पर नालासोपारा जैसे इलाकों में स्थिति अधिक गंभीर हो गई है, जहां मजदूरों को अब खाना बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। खास तौर पर शहर में रहने वाले प्रवासी मजदूरों और कामगारों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण कई मजदूरों ने ईंट और पेवर ब्लॉक से अस्थायी चूल्हे बना लिए हैं। इन चूल्हों पर लकड़ी जलाकर वे दाल, सब्जी और चावल पका रहे हैं। दिनभर कड़ी मेहनत के बाद शाम को खाना बनाना उनके लिए अब एक बड़ी चुनौती बन चुका है।

Mumbai LPG Crisis: लकड़ी के चूल्हे से चल रहा काम
नालासोपारा के एक निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों ने निजी मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि पहले गैस सिलेंडर पर खाना बनाना आसान था, लेकिन अब सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि अब उन्हें पहले लकड़ी इकट्ठा करनी पड़ती है और चूल्हा जलाने में भी काफी समय लग जाता है, जिससे थकान और बढ़ जाती है। कुछ मजदूरों ने भी ईंटों का चूल्हा तैयार किया है। कंस्ट्रक्शन साइट पर पड़े पुराने बॉक्स, लकड़ी और फट्टों को इकट्ठा कर खाना बनाकर काम चला रहे हैं।
LPG Crisis: सरकार ने सामान्य आपूर्ति का किया दावा
एलपीजी संकट पर पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा में कह चुके हैं कि पूरे देश में स्थिति सामान्य है और सरकार गंभीरता से पूरे हालात पर नजर रखे हुए है। पेट्रोल-डीजल की भी कमी नहीं है और रिजर्व स्टॉक भी सुरक्षित है। इसके बावजूद आम लोगों को एलपीजी सिलेंडर के लिए काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। दूसरी ओर पेट्रोल पंप पर भी डीजल और फ्यूल डलवाने के लिए लंबी लाइन नजर आ रही है। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक है और जहां दिक्कत हो रही है, वहां तक भी जरूरी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications