Mumbai local train: खुशखबरी, लोकल ट्रेनों में भीड़भाड़ होगी कम, वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे की जानें योजना
Mumbai local train: मुंबई के लोकल और एक्सप्रेस ट्रेन यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे लोकल सेवाओं में वृद्धि के लिए कई कार्य कर रहा है। मध्य और पश्चिम रेलवे नए टर्मिनल, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, पिट लाइनें, होल्डिंग/स्टेबलिंग, शंटिंग, रखरखाव सुविधाओं और सिग्नलिंग व मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।
पश्चिम रेलवे मुंबई से चलने वाली 44 लंबी दूरी की ट्रेनों की संख्या को बढ़ाकर 65 करेगा। मौजूदा ट्रेनों में प्रतिदिन लगभग 70 अतिरिक्त कोच (प्रत्येक ट्रेन में 1-2) जुड़ेंगे। मध्य रेलवे वर्तमान में 82 लंबी दूरी की ट्रेनें चलाता है, और जल्द ही 30 प्राथमिक रखरखाव तथा 38 वापसी ट्रेनें जुड़ेंगी।

बढ़ाई जाएगी ट्रेनों की संख्या
मुंबई की उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों के सुकर व सुरक्षित सफर हेतु मध्य और पश्चिम रेलवे ने राष्ट्रीय योजना लागू की है। उपनगरीय सेवाओं में भी वृद्धि की योजना है। वर्तमान में, मध्य रेलवे (CR) 1,820 और पश्चिम रेलवे (WR) 1,406 सेवाएं संचालित करता है; दोनों के पास 3-3 कार शेड हैं। पश्चिम रेलवे 2030 तक 165, जबकि मध्य रेलवे 584 अतिरिक्त सेवाएं बढ़ाएगा। लक्ष्य है कि 2030 तक इन दोनों रेलवे पर 749 नई लोकल फेरियां और 133 नई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें सेवा में आएं।
केंद्र सरकार की राष्ट्रीय योजना मुंबई समेत 48 प्रमुख शहरों में रेलवे की क्षमता को दोगुना करना है। 2030 तक नई ट्रेनें चलाने के लिए मौजूदा बुनियादी ढांचे को बढ़ाया जा रहा है। यात्री वहन क्षमता में यह वृद्धि तत्काल, अल्पकालिक और दीर्घकालिक-इन तीन चरणों में पूरी होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
22 प्लेटफॉर्म और 36 नई रेल लाइनें उपलब्ध होंगी
मध्य रेलवे पर पनवेल-कलंबोली मेगा टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दो, कल्याण और परेल टर्मिनस के विकास से कुल 22 प्लेटफॉर्म और 36 नई रेल लाइनें उपलब्ध होंगी। यह विस्तार 68 नई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को संभालने में सक्षम करेगा, जिसमें 30 एक्सप्रेस का प्राथमिक रखरखाव भी शामिल है। वर्तमान में, मुंबई से मध्य रेलवे की 82 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होती हैं।
15 डिब्बें की ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार होगा
मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि 15 डिब्बों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार, कल्याण यार्ड के काम, कल्याण-कसारा और कल्याण-कर्जत के बीच तीसरी-चौथी लाइन, व पनवेल प्लेटफॉर्म नंबर 4 के पुनर्निर्माण जैसे कार्य पूरे होने उपरांत 584 नई लोकल फेरियां चलाना संभव होगा। यह पहल उपनगरीय यात्रियों को काफी सुविधा प्रदान करेगी।
मुंबई सेंट्रल से डहाणू रोड के बीच अपने रेलवे मार्ग नेटवर्क का विस्तार
पश्चिम रेलवे भी मुंबई सेंट्रल से डहाणू रोड के बीच अपने रेलवे मार्ग नेटवर्क का विस्तार कर रही है। इसमें कुल ₹7,033 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं, जैसे विरार-डहाणू रोड तीसरी-चौथी लाइन, बोरीवली-विरार पांचवी-छठी लाइन, मुंबई सेंट्रल-बोरीवली पांचवी-छठी लाइन, और नायगांव-जूचंद्र दोहरी लाइन।
नए साल में शुरू हो जाएंगे ये तीन नए प्लेटफॉर्म
नए वर्ष के मध्य तक तीन प्लेटफॉर्म का जोगेश्वरी टर्मिनस उपयोग में आ जाएगा, जबकि वसई रोड का दो प्लेटफॉर्म वाला नया टर्मिनस दिसंबर 2027 तक शुरू होगा। इससे पहले, मौजूदा दादर, बांद्रा और मुंबई सेंट्रल टर्मिनस में चार नई लाइनें जोड़ी जाएंगी। परिणामस्वरूप, पश्चिम रेलवे प्रतिदिन आवश्यकतानुरूप मौजूदा मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में 70 डिब्बे जोड़ने की योजना बना रही है।
165 नई लोकल ट्रेनें
टर्मिनस और रेलमार्गों के जाल के विस्तार के बाद लोकल व मेल-एक्सप्रेस यातायात स्वतंत्र हो जाएगा, जिससे 165 नई लोकल ट्रेनें संभव होंगी। साथ ही, गोरेगांव-बोरीवली हार्बर मार्गिका भी चालू होगी और बांद्रा-अंधेरी के बीच 15 डिब्बे वाली लोकल फेरियां बढ़ाई जाएंगी, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई ट्रेनें शुरू करने से पहले, स्टेशनों पर यात्री क्षमता बढ़ाने हेतु जहां आवश्यक हो, 'डेक' बनाए जा रहे हैं। सिग्नलों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ ट्रेनों को संभालने के लिए विभिन्न सुविधाओं का निर्माण मंडलीय स्तर पर किया जा रहा है, ताकि सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।












Click it and Unblock the Notifications