Mumbai local train: रेलवे मुंबई लोकल ट्रेन के यात्रियों को नए साल पर देने जा रहा बड़ी सौगात, आरामदायक होगा सफर
Mumbai local train:वेस्टर्न रेलवे नए साल में मुंबई के लाखों लोकल यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने की तैयारी में है। अंधेरी से बांद्रा के बीच प्लेटफॉर्म विस्तार का काम तेजी से चल रहा है, जिससे यात्रियों की असुविधा कम होगी और सेवाएं बेहतर होंगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत, अंधेरी-बांद्रा खंड पर अब 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें चलाई जा सकेंगी, जबकि वर्तमान में अपर्याप्त प्लेटफॉर्म लंबाई के कारण यह संभव नहीं है। विस्तार कार्य खार रोड पर जारी है, वहीं बांद्रा, सांताक्रूज़ और विलेपार्ले में यह जल्द शुरू होगा।

अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म विस्तार के साथ ही सिग्नल पोल, ओएचई केबल तथा ट्रैक लोकेशन में भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। मार्च तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है, जिससे मुंबई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी।
अंधेरी-विरार स्लो लोकल सर्विस का होगा विस्तार
कार्य पूरा होते ही, अंधेरी-विरार स्लो लोकल सर्विस का बांद्रा तक विस्तार होगा जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। बांद्रा स्टेशन पर रोज़ाना 4 से 5 लाख यात्रियों का आवागमन होता है, जहाँ भीड़ नियंत्रण हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है।
15 कोच वाली ट्रेनों में कितने यात्री कर सकते हैं यात्रा?
15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें भीड़ को कम करेंगी। यह एक 12-कोच लोकल (3,504 यात्री) के मुकाबले 4,380 यात्रियों को समायोजित करेगी, जिससे क्षमता में 25% की बढ़ोतरी होगी। इससे पीक आवर्स की भीड़ को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जा सकेगा।
चर्चगेट से विरार रूट पर कुल 211 ट्रेनें
चर्चगेट से विरार रूट पर कुल 211 सर्विस 15 कोच के साथ संचालित होंगी, जिनमें धीमी और तेज कॉरिडोर दोनों शामिल हैं। 112 धीमी सर्विसेस, जो अभी अंधेरी तक सीमित हैं, प्लेटफॉर्म विस्तार के बाद 15 कोच वाली ट्रेनों में परिवर्तित होकर बांद्रा तक चलेंगी। यह बदलाव प्रतिदिन 75,000 से 1,00,000 अतिरिक्त यात्रियों की आवाजाही संभव बनाएगा।












Click it and Unblock the Notifications