Mumbai local train: खुशखबरी, नए साल पर इस बिजी रूट पर चालू हो जाएगी नई लाइन, लाखों यात्रियों को होगा ये फायदा
Mumbai local train: मुंबई में लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग करने का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है। बोरीवली तक छठी लाइन जनवरी 2026 के अंत तक चालू होने की उम्मीद है। इससे बांद्रा और बोरीवली के बीच मेल एक्सप्रेस ट्रेनें लोकल लाइनों पर नहीं चलेंगी, जिससे पश्चिमी रेलवे पर भीड़ कम होगी। इस नई लाइन के निर्माण और साथ ही फिनिशिंग का काम आज से शुरू हो रहा है।
जिसके चलते मुंबई में लोकल ट्रेनाें में यात्रा करने वाले यात्रियों को इस वीकेंड भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम रेलवे के कंडिवली और बोरीवली खंड पर छठे मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 20-21 दिसंबर की रात से 18 जनवरी, 2026 तक 30 दिनों का विशेष ब्लॉक लगाया जाएगा। यह ब्लॉक प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 4:30 बजे तक संचालित होगा, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी।

ट्रेनों की लेट-लतीफी खत्म होगी
बोरीवली तक छठी लाइन के तैयार हो जाने के बाद लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को लोकल सेवाओं से अलग अपने ट्रैक पर चलेंगी, जिससे बाधाएं और भीड़ कम होगी। यातायात के अलगाव से ट्रेनें समय पर चलेगी और विश्वसनीयता भी बेहतर होगी, जिससे मुंबई लोकल ट्रेनों और लंबी दूरी की दोनों सेवाएं निर्धारित समय के करीब चल सकेंगी।
बढ़ेंगी लोकल ट्रेनों की संख्या
भविष्य में, एक्स्ट्रा ट्रैक क्षमता से रेलवे अधिक लोकल सेवाएं चला सकेगा। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, नई इन्फ्रास्टक्चर पूरा होने के बाद ये लाइन पूरी तरह से चालू होने पर कुल सेवाओं में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा सकती है, जिससे पश्चिमी उपनगरों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को समायोजित करने के लिए समग्र क्षमता का विस्तार होगा।
छठीं लेन के निर्माण के चलते 30 दिनों का रहेगा मेगा ब्लॉक
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "बोरीवली-कंडिवली खंड में छठे मार्ग के काम के मद्देनजर 20 दिसंबर, 2025 से 30 दिनों का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट/ओरिजिनेट किया जाएगा, रेगुलेट या रीशेड्यूल किया जाएगा, जबकि कुछ बोरीवली स्टेशन पर ट्रेनों का निर्धारित स्टापेज नहीं होगा।
बांद्रा टर्मिनस और बोरीवली के बीच पांचवीं लाइन पहले ही चालू है। छठी लाइन नवंबर 2022 में गोरेगांव तक और अक्टूबर 2023 में कंडिवली तक बढ़ाई गई। यह वर्तमान में बांद्रा टर्मिनस और कंडिवली के बीच संचालित होती है, जहां रोजाना लगभग 20 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें चलती हैं। कंडिवली-बोरीवली खंड पर छठे मार्ग का काम अब आगे बढ़ेगा।
ब्लॉक के कारण अप एंड डाउन लोकल ट्रेनें होगी प्रभावित
रेलवे के अनुसार, इस ब्लॉक के कारण आठ 'अप' और 10 'डाउन' ट्रेनों को रीशेड्यूल किया जाएगा। 112 'अप' और नौ 'डाउन' ट्रेनों को रेगुलेट किया जाएगा। इस दौरान एक ट्रेन रद्द होगी, जबकि दो 'डाउन' ट्रेनें सेंट्रल स्टेशनों से शॉर्ट-ओरिजिनेट होंगी।
लोकल और एक्सप्रेस टेनें होंगी प्रभावित
कार्य में कंडिवली और बोरीवली में ट्रैक स्लीइंग, साथ ही कई क्रॉसओवर का डालना और हटाना शामिल है। इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरण संबंधी प्रमुख कार्य किए जाएंगे, जिससे लोकल ट्रेनों के यात्री और मेल/एक्सप्रेस सहित सभी प्रकार की ट्रेनें प्रभावित होंगी।
इस अवधि में यात्री ट्रेनों के लिए पांचवीं लाइन निलंबित रहेगी, और अन्य लाइनों पर गति प्रतिबंध लागू होंगे। यह छठा मार्ग मौजूदा लाइनों पर भीड़ कम करके अत्यधिक व्यस्त मुंबई लोकल ट्रेन कॉरिडोर पर अतिरिक्त ट्रैक क्षमता जोड़ेगा, जिससे यातायात का समान वितरण सुनिश्चित होगा।












Click it and Unblock the Notifications