Mumbai Local Train: मुुंंबई लोकल में पीक आवर्स मे भीड़ कम करने के लिए सरकार ने उठाया बड़ा कदम, हो रही तारीफ
Mumbai Local Train: मुंबई की लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए काम शुरू करने का समय 30 मिनट आगे बढ़ाने की योजना पेश की है। इसका उद्देश्य पीक आवर्स के दौरान ट्रेनों में होने वाली अत्यधिक भीड़ को कम करना है, जिससे रोजाना ट्रेनों में ठूंस-ठूंस कर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने राज्य विधानसभा सत्र के दौरान इस प्रस्ताव का खुलासा करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में काम के समय में लचीलापन लाने से उपनगरीय रेलवे नेटवर्क पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुबह की पाली में कटौती की भरपाई शाम को अतिरिक्त समय काम करके की जाएगी, ताकि काम के घंटे पूरे रहें।

दुर्घघटनों को रोकने के लिए किया गया ये उपाय
मंत्री सरनाईक ने यह भी घोषणा की कि निजी क्षेत्र के लिए भी इसी तरह के कार्य शेड्यूल में बदलाव की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक विशेष कार्य बल का गठन किया जाएगा। यह प्रस्ताव ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में बढ़ती चिंताओं के बीच आया है। विधानसभा में विधायक अतुल भातखलकर ने इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित किया, जिन्होंने शहर की रेल लाइनों पर होने वाली दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर जोर दिया।
मंत्री सरनाईक ने स्वीकार किया कि मुंबई की लोकल ट्रेन में भीड़भाड़ एक लगातार बनी रहने वाली गंभीर समस्या है। सरकार कासरकारी कार्यालयों में समय में 30 मिनट की देरी की परमीशन को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने की दिशा में एक आवश्यक कदम मानती है।
वैकल्पिक परिवहन विकल्पों को बढ़ावा दिया जा रहा
सरनाईक ने यह भी बताया कि सरकार वैकल्पिक परिवहन विकल्पों को बढ़ावा देने पर काम कर रही है। मेट्रो सेवाओं और अन्य सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों को दैनिक यात्रा के लिए सुरक्षित और अधिक कुशल विकल्प के रूप में प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पोर्ट टैक्सियों की जल्द होगी शुरूआत
सरकार वॉटर परिवहन, जैसे कि फेरी और पोर्ट टैक्सियों को शुरू करने पर भी सक्रिय रूप से विचार कर रही है, ताकि नागरिकों को यात्रा के अधिक विकल्प मिल सकें। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भीड़भाड़ वाली ट्रेनों के खतरों को दूर करने के लिए एक बैठक करने वाले हैं, खासकर उन घटनाओं को जिनमें यात्री खुले दरवाजों से लटकते हैं या पीक ऑवर्स के दौरान फुटबोर्ड पर सवार होते हैं।
दैनिक यात्रियों के लिए बड़ी राहत का निर्णय
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि ये बदलाव त्वरित समाधान नहीं हैं, बल्कि मुंबई के परिवहन परिदृश्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक दीर्घकालिक योजना का हिस्सा हैं। कार्यालय के समय में बदलाव मामूली लग सकता है, लेकिन यह भीड़भाड़ वाली ट्रेनों से जूझ रहे लाखों दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है। इसका लक्ष्य स्थानीय रेल प्रणाली पर दबाव को कम करते हुए यात्रियों की सुरक्षा में सुधार करना है। सरकार टिकाऊ विकल्पों को पेश करके और पारंपरिक यात्रा पैटर्न पर पुनर्विचार करके शहर के निवासियों के लिए अधिक आरामदायक और सुरक्षित दैनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने की उम्मीद करती है।












Click it and Unblock the Notifications