Mumbai local train: कर्मचारी कर रहे थे आंदोलन, नहीं रुकी ट्रेन, कट कर मरे 2 यात्री और कई हुए घायल
Mumbai local train: मध्य रेलवे के कर्मचारियों द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन पर शाम 5:30 बजे से शुरू हुए आंदोलन के कारण मुंबई लोकल ट्रेन सेवा बाधित हो गई है। इस विरोध प्रदर्शन में मोटरमैन सहित अन्य रेलवे कर्मचारी शामिल हुए।
इस विरोध-प्रदर्शन के चलते मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार शाम एक दुखद रेल दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा सैंडहर्स्ट रोड स्टेशन के पास हुआ।

पटरियों पर पैदल चल रहे थे यात्री
दरअसल, रेलवे कर्मचारियों की हड़ताल के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित थीं, जिस वजह से यात्री पटरियों पर पैदल चल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार लोकल ट्रेन आ गई। इससे पहले कि लोग संभल पाते, ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रेन ड्राइवरों को क्यों नहीं दी गई सूचना
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस बात की भी जांच की जा रही है कि ट्रेन चालक को समय रहते सूचना क्यों नहीं दी गई। रेलवे ने यात्रियों को राय दी कि विरोध-प्रदर्शन या हड़ताल के दौरान पटरियों पर चलने से बचें, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है।
ठप्प हो गई ट्रेन सर्विस, स्टेशनों पर जमा हुई भारी भीड़
बता दें, गुरुवार, 5 नवंबर को शाम 5 बजकर 40 मिनट के बाद से कल्याण की ओर कोई भी लोकल ट्रेन नहीं चली। इस आंदोलन के चलते सभी रेलवे स्टेशनों, विशेषकर CSMT पर, यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कर्मचारियों ने क्यों की हड़ताल?
आंदोलन का मुख्य कारण जून 2025 में मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास एक लोकल ट्रेन से गिरने के कारण हुई दुर्घटना है, जिसमें चार यात्रियों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हुए थे। इस मामले में, रेलवे पुलिस ने रेलवे विभाग के दो मंडल अभियंताओं (डिविजनल इंजीनियर्स) के खिलाफ सदोष मानव वध (कल्पेबल होमिसाइड) का मामला दर्ज किया है। अभियंताओं पर लापरवाही और ट्रैक रखरखाव में अनदेखी का आरोप है। रिपोर्टों के अनुसार, यह दुर्घटना तेज लोकल ट्रेन के दरवाजों पर लटके यात्रियों के एक-दूसरे से टकराने के कारण हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार CSMT की तरह, सेंट्रल रेलवे के ठाणे स्टेशन पर भी गुरुवार को यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन किया। ठाणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर यात्रियों ने एक लोकल ट्रेन को रोक दिया। इस आंदोलन का कारण यह था कि CSMT की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन को कर्जत वापस मोड़ा जा रहा था, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी फैल गई।












Click it and Unblock the Notifications