Mumbai local train: गणेशोत्सव के मौके पर संचालित की जाएंगी 34 अतिरिक्त लोकल ट्रेनें, चेक करें टाइम
Mumbai local train: मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान भक्तों की सुविधा के लिए मध्य और पश्चिम रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। घरेलू सात दिवसीय गणपति विसर्जन के बाद, बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुंबई के प्रसिद्ध सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों के दर्शन के लिए आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए, रेलवे ने अतिरिक्त लोकल सेवाएं शुरू की हैं ताकि लोग आसानी से यात्रा कर सकें।

मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और ठाणे/कल्याण के बीच 22 अतिरिक्त लोकल सेवाओं की घोषणा की है। ये ट्रेनें गुरुवार आधी रात से शनिवार आधी रात तक मुख्य मार्ग पर चलेंगी। इनमें CSMT से कल्याण के लिए विशेष लोकल रात 1:40 बजे और 3:25 बजे रवाना होगी, जबकि CSMT से ठाणे के लिए एक लोकल रात 2:30 बजे छूटेगी।
वापसी में, कल्याण से CSMT के लिए लोकल रात 12:05 बजे और ठाणे से CSMT के लिए 1:00 बजे और 2:00 बजे लोकल उपलब्ध होंगी।
हार्बर मार्ग पर भी अनंत चतुर्दशी की रात चार विशेष लोकल चलेंगी। CSMT से पनवेल के लिए रात 1:30 बजे और 2:45 बजे ट्रेनें होंगी, जबकि पनवेल से CSMT के लिए रात 1:00 बजे और 1:45 बजे ट्रेनें चलेंगी।
पश्चिम रेलवे ने भी अनंत चतुर्दशी के दिन भीड़ को नियंत्रित करने और भक्तों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए 12 विशेष लोकल सेवाएं शुरू की हैं। ये ट्रेनें शनिवार आधी रात से रविवार तड़के तक चर्चगेट और विरार के बीच धीमी लाइन पर चलेंगी। मुंबई के प्रसिद्ध सार्वजनिक गणपति मंडलों के विसर्जन समारोह को देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं।
पश्चिम रेलवे ने इन भक्तों की वापसी यात्रा के लिए अप और डाउन मार्गों पर छह-छह लोकल चलाने का फैसला किया है। चर्चगेट से विरार के लिए लोकल रात 1:15 बजे से 3:45 बजे के बीच हर 30 मिनट पर उपलब्ध होंगी। वापसी में, विरार से चर्चगेट के लिए लोकल रात 12:15 बजे से 3:00 बजे के बीच चलेंगी, जिससे भक्तों को देर रात भी यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications