मुंबई में 23 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 1 की हुई मौत, 19 घायल, बचाव कार्य है जारी
Mumbai 23-storey building Massive fire breaks: मुंबई के दहिसर में रविवार दोपहर एक 23 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर हालत में है। यह घटना शांति नगर, दहिसर पूर्व स्थित न्यू जन कल्याण सोसाइटी की बी विंग में हुई। कुल 36 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से 19 को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सात अन्य लोग भी इस आगजनी में घायल हुए।
लगभग दोपहर 3 बजे, इमारत की सातवीं मंजिल पर आग भड़क उठी। तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद, सात दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। शाम 6:10 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अग्निशमन और बचाव दलों ने मिलकर 36 लोगों को बचाया, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। इन सभी को पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। रोहित अस्पताल में भर्ती एक महिला ने अपनी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इसी अस्पताल में एक दिव्यांग लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है, और पांच अन्य लोग उपचार करा रहे हैं।
4 बच्चों की हालत नाजुक
नॉर्दर्न केयर अस्पताल में एक 4 साल के बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा, एक व्यक्ति को प्रगति अस्पताल और दूसरे को शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई बचाए गए लोग अभी भी गंभीर स्थिति में हैं।
कैसे लगी बहुमंजिला इमारत में आग?
दमकल विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग बेसमेंट में एक खराब बिजली के तार से लगी थी। इसके बाद, आग बिजली के डक्ट के जरिए ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।
इस घटना के तो वीडियो सामने आए हैं, उनमें दमकलकर्मी बिल्डिंग में लगी आग में फंसे लोगों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। भीषण आग पर अग्निशमन टीम काबू पा चुकी है लेकिन बिल्डिंग के चारों ओर से भयंकर धुंआ निकालता हुआ घंटों बाद तक भी नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications