Mumbai: मुंबई की हवा हुई जहरीली, AQI 300 से पार, 'बहुत खराब' स्तर पर पहुंची एयर क्वालिटी
Mumbai air pollution: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की हवा जहरीलो चुकी है। दिवाली पर पटाखों और आतिशबाजी की वजह से वायु प्रदूषण 'खराब' श्रेणी में पहुँच गया है। पिछले दो दिनों से स्थिति बिगड़ रही है और कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से अधिक दर्ज किया गया है। यह स्थिति विशेष रूप से एलर्जी, अस्थमा और हृदय व फेफड़ों संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए चिंताजनक है।
पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल और सर्दियों के करीब आने से हवा की गति धीमी होने के कारण मुंबई की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई है। मुंबई के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने सुबह AQI 217 दिखाया, जो सोमवार को दर्ज 187 से काफी अधिक है।

मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया।एयर क्वालिटी के अलर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, IMD कोलाबा स्टेशन पर सुबह 5 बजे सबसे अधिक AQI 341 दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त, नंदादीप गार्डन-बांद्रा ट्रैफिक जंक्शन (313) और बैपटिस्टा गार्डन माजागाँव (305) में भी AQI 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के 'समीर' ऐप के आँकड़ों के अनुसार, रविवार को मुंबई का औसत AQI 159 था। यह आंकड़ा सोमवार दोपहर 3 बजे तक बढ़कर 190 AQI तक पहुँच गया। वहीं, विले पार्ले में सबसे अधिक 252 AQI दर्ज किया गया, जबकि खेरवाड़ी में 219, भायखला में 216 और बीकेसी में 202 AQI दर्ज हुआ। यह डेटा बीएमसी और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मॉनिटरिंग स्टेशनों से मिला है।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (IITM) के उपकरणों से सोमवार को मुंबई की समग्र वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पाई गई। बीकेसी में 335 AQI, कोलाबा में 280, देवनार में 268, अंधेरी और मझगाँव में 254, बोरीवली में 230, मालाड में 213 और वरली में 212 AQI रिकॉर्ड किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि हर साल मॉनसून के बाद मुंबई की वायु गुणवत्ता खराब होने लगती है। बारिश खत्म होने पर हवा की गति कम होने और तापमान गिरने से प्रदूषण के कण हवा में ही बने रहते हैं। शहर में बढ़ता ट्रैफिक, निर्माण कार्य, औद्योगिक धुआँ और घरों से निकलने वाला धुआँ इसके प्रमुख कारण हैं। इसके अतिरिक्त, दिवाली पर हुई आतिशबाजी ने भी प्रदूषण को बढ़ाया है।
AQI नापने का तरीका क्या है?
- 0 से 50 'अच्छा'
- 51 से 100 'संतोषजनक'
- 101 से 200 'असंतोषजनक'
- 201 से 300 'खराब'
- 301 से 400 'बहुत खराब'
- 401 से 500 'घातक' माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications