'वरना हाथ से निकल जाएगी मुंबई', MNS प्रमुख राज ठाकरे ने आखिर क्यों दी इतनी बड़ी चेतावनी?
MNS chief Raj Thackeray warned: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान हो चुका है। इस चुनाव के संपन्न होने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव होंगे। चुनावों को लेकर राजनीतिक दल वोटरों को साधने के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से पहले मुंबई को लेकर बड़ी चेतावनी दे डाली है। राज ठाकरे के इस बयान के बाद चुनावी माहौल और भी गरमा गया है।
याद रहे इस बार ठाकरे ब्रदर्स यानी उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की पार्टियां साथ में मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ने का मन बना चुकी हैं। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। वहीं आगामी बीएमसी चुनावों को लेकर मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई को लेकर चेतावनी दे डाली है।

मुंबई को लेकर क्या बोले राज ठाकरे?
मनसे प्रमुख राज ठाकने कहा, "यदि मराठी लोगों ने लापरवाही बरती, तो मुंबई उनके हाथों से निकल सकती है, और यह उनके लिए आखिरी चुनाव साबित हो सकता है।" ठाकरे ने जोर देकर कहा, "आने वाले बीएमसी चुनाव मराठी मानुस के लिए निर्णायक होंगे। अगर हम सावधान नहीं रहे, तो मुंबई हमारे नियंत्रण से बाहर हो जाएगी। उसके बाद हम उन्हें रोक नहीं पाएंगे। मैं आपसे अनुरोध करता हूँ कि बिल्कुल भी लापरवाह न बनें।"
राज ठाकरे ने वोटरों को क्यों किया सतर्क?
राज ठाकरे ने मुंबई के वोटरों से अपील की कि वे अपने आसपास सतर्क रहें। ठाकरे ने कहा, "आने वाले दिनों में मैं विस्तृत रूप से बात करूंगा, लेकिन अभी के लिए मैं इतना ही कहना चाहता हूँ कि यह समय संवेदनशील है, इसलिए लापरवाह न रहें। अपने परिवेश के प्रति जागरूक रहें। जिस तरह से राजनीति बदल रही है, मतदाता सूची पर कड़ी नज़र रखें और सुनिश्चित करें कि मतदाता वास्तविक हैं, नकली नहीं।"
राज ठाकरे ने मराठी समुदाय से आह्वान किया कि वे सतर्क रहें और चुनाव प्रक्रिया पर ध्यान दें। उन्होंने आगाह किया कि यदि मुंबई हाथ से निकल गई, तो "ये लोग भारी तबाही मचा देंगे।"
महाराष्ट्र में कब हो रहा स्थानीय चुनाव?
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के चुनाव होने हैं, जिनके लिए 2 दिसंबर को मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मुंबई, पुणे और ठाणे जैसे बड़े शहरों के नगर निगम चुनाव जनवरी तक अंतिम चरण में होने की संभावना है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
SC के अल्टीमेटम के बाद हो रहे चुनाव
ये चुनाव महाराष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और कई वर्षों से लंबित पड़े हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य चुनाव आयोग को 31 जनवरी 2026 तक इन चुनावों को पूरा करने की अंतिम समय-सीमा दी है। ये चुनाव तीन चरणों में होने की संभावना है, जिसमें राज्य भर के कुल 685 स्थानीय निकाय शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications