'20 साल में पहली बार नहीं लडूंगा चुनाव', कांग्रेस छोड़ शिवसेना में जाने वाले मिलिंद देवड़ा का छलका दर्द
हाल ही में कांग्रेस से शिवसेना में शामिल हुए नेता मिलिंद देवड़ा ने कहा कि वह 20 सालों में पहली बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद ने बुधवार को कहा कि चुनाव न लड़ने के बावजूद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए प्रचार करने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार है कि वह या उनके पिता मुरली देवड़ा में से कोई दक्षिण मुंबई में मतपेटी पर नहीं दिखेंगे। मिलिंद देवड़ा ने जनवरी में शिवसेना (शिंदे गुट) जॉइन कर लिया था। मिलिंद, दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे मुरली देवड़ा के बेटे हैं।

पूर्व कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि, "20 वर्षों में पहली बार, मैं लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा और 44 साल में पहली बार, मैं या मेरे पिता दक्षिण मुंबई में मतपेटी पर नहीं होंगे। एक उम्मीदवार के रूप में लगातार चार चुनावों के बाद, मैं प्रधानमंत्री मोदी और सीएम शिंदे के लिए राज्यसभा सांसद के रूप में मुंबई, महाराष्ट्र और उससे आगे प्रचार करने के लिए उत्सुक हूं।"
देवड़ा ने आगे कहा कि वो दक्षिण मुंबई के निवासियों को आश्वसत कराना चाहते हैं कि वे राज्यसभा सांसद के रूप में, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमताओं से उनका प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे। उनका समर्थन बहुत मायने रखता है।
मिलिंद देवड़ा पहली बार 2004 में दक्षिणी मुंबई सीट से सांसद बने थे। वे 2009 में भी इसी सीट से चुने गए थे। 2014 और 2019 में वे शिवसेना नेता अरविंद सावंत से हार गए थे। दक्षिणी मुबंई सीट पर चुनाव पांचवें चरण यानी कि 20 मई को होगा।
इस बार I.N.D.I.A में सीट शेयरिंग में दक्षिणी मुंबई सीट उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को मिल गई। इस बार भी दक्षिणी मुंबई सीट से अरविंद सावंत इंडी गठबंधन की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं, एनडीए की तरफ से ये सीट शिवसेना (शिंदे गुट) के खाते में गई है। पार्टी ने विधायक यामिनी जाधव को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसी चर्चा थी कि मिलिंद देवड़ा को ये सीट मिल सकती है। दिलचस्प बात ये है कि इस सीट पर बीजेपी भी उम्मीदवार तलाश रही थी लेकिन इस सीट के लिए सीएम शिंदे अड़े हुए थे। आखिरकार वे बीजेपी को मनाने में कामयाब हो गए।












Click it and Unblock the Notifications