Maratha Reservation Protest: मनोज जरांगे और प्रदर्शनकारियों से आजाद पार्क खाली करवाने पहुंची पुलिस
Maratha Reservation Protest: मुंबई में मराठा आरक्षण को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच, पुलिस आजाद मैदान को खाली कराने के लिए पहुंच चुकी है। मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे पिछले कुछ दिनों से इसी मैदान पर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान, उनके कई समर्थक भी आजाद मैदान में मौजूद हैं।
यह कार्रवाई मंगलवार को पुलिस द्वारा मनोज जरांगे को जारी किए गए नोटिस के बाद की गई है। नोटिस में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन के लिए अदालत और पुलिस द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन किया है।

बता दें, मंगलवार, 2 सितंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में आजाद मैदान में चल रहे इस आंदोलन से संबंधित मामले की सुनवाई हुई। इससे पहले, मराठा प्रदर्शनकारियों ने आजाद मैदान में आंदोलन जारी रखने के लिए पुलिस से अनुमति बढ़ाने का आवेदन किया था, जिसे मुंबई पुलिस ने आज सुबह खारिज कर दिया।
पुलिस ने नोटिस भेजा, फिर पार्क खाली करवाने पहुंची
मुंबई पुलिस ने पाटिल को एक नोटिस जारी किया था। यह नोटिस अदालत और पुलिस द्वारा विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों के उल्लंघन के कारण दिया गया था। आजाद मैदान पुलिस ने पाटिल की कोर कमेटी को भी मैदान जल्द से जल्द खाली करने का निर्देश दिया।इसके बाद मंगलवार की दोपहर डीसीपी जोन 1 प्रवीण मुंडे और अन्य पुलिस अधिकारी आजाद मैदान पहुंचे यहां मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल भूख हड़ताल पर हैं, और उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं।
जरांगे बोले- जब तक मांगे नहीं पूरी होती, मुंबई नहीं छोड़ेगे
हाईकोर्ट में सुनवाई के बीच, आरक्षण की मांग को लेकर अनशन कर रहे मनोज जरांगे ने कहा कि वे सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे मुंबई नहीं छोड़ेंगे। जरांगे ने शुक्रवार, 29 अगस्त को आजाद मैदान में अनशन शुरू किया था। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है और मराठा समुदाय को राज्य की राजधानी में प्रवेश करने से कोई नहीं रोक सकता।
अठावले बोले- संविधान के तहत जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा
मराठा कोटा कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल के विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "मनोज जरांगे पाटिल एक बड़े मराठा नेता हैं।" आठवले ने आगे कहा, "फडणवीस जी ने आश्वासन दिया है कि संविधान के तहत जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा... मनोज जरांगे पाटिल को अपना आंदोलन समाप्त कर महाराष्ट्र सरकार को समय देना चाहिए... हर बार धमकी देना उचित नहीं है। मुझे विश्वास है कि देवेंद्र फडणवीस एक अच्छा निर्णय लेंगे और मराठा समुदाय को न्याय मिलेगा।"












Click it and Unblock the Notifications