महाराष्ट्र चुनाव: BJP के बाद महाविकास अघाड़ी का घोषणा पत्र जारी, दी 5 गारंटी, जाति जनगणना का वादा
Maharashtra Elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर अब वादों के पिटारा खुलने लगा है। रविवार 10 नवंबर को बीजेपी के संकल्प पत्र के बाद कांग्रेस ने भी महाराष्ट्र चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुंबई के एक होटल में महाविकास अघाड़ी का घोषणापत्र 'महाराष्ट्रनामा' जारी किया।
घोषणा पत्र जारी करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'आज हम महाराष्ट्र चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। महाराष्ट्र का चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपर्ण चुनाव है। यह चुनाव देश का भविष्य बदलने वाला चुनाव है। अगर महाराष्ट्र में हम महा विकास अघाड़ी की सरकार लाएंगे तभी हम यहां एक स्थिर, अच्छा सुशासन दे पाएंगे।'

खड़गे ने कहा कि हमारे पास महाराष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए पांच स्तंभ हैं जो कृषि और ग्रामीण विकास, उद्योग और रोजगार, शहरी विकास, पर्यावरण और लोक कल्याण पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि हमारी 5 गारंटी महाराष्ट्र में सभी के कल्याण में सहायक होंगी। प्रत्येक परिवार को लगभग 3 लाख रुपये की वार्षिक सहायता मिलेगी।
हमारी महालक्ष्मी योजना सभी महिलाओं को वित्तीय सहायता देगी, जिन्हें हर महीने 3000 रुपये दिए जाएंगे। हम महाराष्ट्र की महिलाओं के लिए एक मुफ्त बस सेवा शुरू करेंगे। हम समय पर अपना ऋण चुकाने वाले प्रत्येक किसान को 50000 रुपये की राशि देंगे। इतना ही नहीं, खड़गे ने कहा कि नौकरी चाहने वाले युवाओं को 4000 रुपये मासिक वजीफा दिया जाएगा।
25 लाख रुपये की हमारी स्वास्थ्य बीमा योजना राजस्थान में अशोक गहलोत द्वारा शुरू की गई थी और इसे महाराष्ट्र में भी लागू किया जाएगा। हम मुफ्त दवाइयाँ भी उपलब्ध कराने का वादा करते हैं... हमने जाति जनगणना करने का फैसला किया है और हम तमिलनाडु की तर्ज पर आरक्षण पर 50% की सीमा को हटा देंगे।












Click it and Unblock the Notifications