महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का कहर, अब तक 6 की मौत, मुख्यमंत्री बोले- अगले 48 घंटे बेहद अहम
Maharashtra Rains: महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया है, निचले इलाकों के घर पानी में डूब गए हैं और मकानों व दुकानों को नुकसान पहुंचा है।
परिवहन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने SDRF और NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात की हैं। वहीं, मौसम विभाग ने कोंकण और घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

Maharashtra rain deaths: मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
राज्य की स्थिति पर अपडेट देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारी बारिश की वजह से कुछ जगहों पर जान और संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि हालात पर काबू पाने के लिए SDRF और NDRF की टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रभावित इलाकों में बचाव एवं राहत कार्य जारी है।
देश की आर्थिक राजधानी में अब तक लगभग 300 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस भारी वर्षा के चलते स्थानीय ट्रेन सेवाओं में देरी, ट्रैफिक जाम और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
Mithi river water level: मीठी नदी का जलस्तर घटा, थोड़ी राहत
फडणवीस ने कहा कि मुंबई की मीठी नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, जिससे थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, खतरा पूरी तरह से टला नहीं है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है और कोंकण व घाट क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी रहेगा।
CM फडणवीस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। राज्य सरकार ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है और आपातकालीन हालात में हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications