Maharashtra MLC Election: 9 सीटों के लिए 12 मई को होगी वोटिंग, कौन हैं वो एलएलसी जिनका कार्यकाल हो रहा खत्म?
Maharashtra MLC Election: महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा चुनाव आयोग ने गुरुवार को कर दी है। इन सीटों को भरने के लिए 12 मई, 2026 को मतदान होगा, जिसकी गिनती उसी दिन शाम 5 बजे की जाएगी।
ये चुनाव इसलिए आवश्यक हैं क्योंकि वर्तमान में नौ एमएलसी, जिनमें उद्धव ठाकरे और शशिकांत शिंदे जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं, का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है।

कब शुरू होगी नामांकन प्रकिया?
चुनाव आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 23 अप्रैल, 2026 से प्रारंभ होगी। उम्मीदवार 30 अप्रैल, 2026 तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 2 मई को की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 4 मई, 2026 निर्धारित की गई है। मतदान 12 मई, 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा और शाम 5 बजे से मतों की गिनती आरंभ हो जाएगी।

कौन हैं वो एलएलसी जिनका कार्यकाल हो रहा खत्म?
जिन नौ विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है, उनमें शामिल हैं, उद्धव ठाकरे, नीलम गोर्हे, शशिकांत शिंदे, अमोल मिटकरी, गोपीचंद पडलकर, रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश राठौड़, प्रवीण दटके और रमेश कराड।
9 विधानपरिषद सीटों के लिए पार्टियों का क्या होगा फॉर्मूला
विधानसभा में राजनीतिक दलों की मौजूदा शक्ति को देखते हुए, इन नौ विधान परिषद सीटों का संभावित बँटवारा इस प्रकार हो सकता है। भारतीय जनता पार्टी को 5 सीटें मिल सकती हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट को 2 सीटें, जबकि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के एनसीपी गुट को 1 सीट मिलने की उम्मीद है। बची हुई 1 सीट महा विकास अघाड़ी गठबंधन के तीनों घटक दलों के बीच सामूहिक रूप से साझा की जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications