Ladki Bhahin Yojana: लाडली बहिन योजना में बड़ा घोटाला, 14,000 'लाडले पुरुषों' ने लगाई सरकार को करोड़ों की चपत
Ladki Bhahin Yojana: महाराष्ट्र की महायुति गठबंबधन की सरकार महिलाओं को आर्थिक मदद करने के लिए मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना संचालित कर रही है। महाराष्ट्र में पिछली एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में शुरू की गई ये योजना वर्तमान देवेंद्र फडणवीस के प्रतिनिधित्व वाली सरकार में संचालित हो रही है। महिलाओं को आर्थिक स्तर पर सबल बनाने वाली इस योजना में बड़ी धांधली कर सरकारी खजाने को बड़ी चपत लगाई जा रही है।
लाडली बहना योजना जिसे महाराष्ट्र में माझी लड़की योजना के नाम से संचालित किया जा रहा उसमें एक बड़ा घोटाला सामने आया है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये दिए जाते हैं, लेकिन इसका लाभ कई अपात्र लोगों ने भी उठाया है। अब पता चला है कि 14,298 पुरुषों ने भी इस योजना का लाभ उठाया और उन्हें 21.44 करोड़ रुपये बांटे गए।

यह योजना अगस्त 2024 में शुरू हुई थी और लाभार्थियों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के डेटा की जांच करने पर और भी चौंकाने वाली जानकारी मिली। 2 लाख 36 हजार 14 लाभार्थियों के नामों में संदेह है, क्योंकि आशंका है कि वे पुरुष हैं और उन्होंने महिलाओं के नाम पर लाभ उठाया है।
लड़की बिहन योजना का पुरुषों को कैसे मिला पैसा?
जिन 14,298 पुरुषों ने इस योजना का लाभ उठाया है, उन्हें हर महीने मिलने वाली 1500 रुपये की राशि अब बंद कर दी गई है। इस घोटाले के बाद कई सवाल उठ रहे हैं और यह पता लगाने के लिए दस्तावेजों की जांच की जा रही है कि पुरुषों ने महिलाओं की योजना में आवेदन करके पैसे कैसे प्राप्त किए।
वृद्ध महिलाएं भी योजना का लाभ लेकर सरकारी खजाना खाली कर रही
नियमों के अनुसार, 65 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिल सकता है। फिर भी, 2 लाख 87 हजार 803 वृद्ध महिलाओं ने इस योजना का लाभ उठाया और उन्हें 431 करोड़ 70 लाख रुपये मिले।
एक परिवार की दो से अधिक महिलाएं ले रही लाभ
यह भी पता चला है कि 7 लाख 97 हजार 751 परिवारों में दो से अधिक महिलाओं ने इस योजना का लाभ उठाया, जबकि नियम के अनुसार एक परिवार की दो से अधिक महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल सकता है। इन महिलाओं को 1,196 करोड़ 62 लाख रुपये मिले।
सरकार 65 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को इस योजना से हटाने पर विचार कर रही है, जिससे सरकार को सालाना 518 करोड़ रुपये की बचत होगी। हालांकि, जिन परिवारों की दो से अधिक महिलाओं ने इस योजना का लाभ उठाया है, उन्हें योजना से हटाने पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
लड़की बहिन योजना पर सालाना खर्च हो रहे 42 हजार करोड़ रुपये
लाड़की बहिन योजना पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार ने शुरू की थी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक मदद करना था, जिसके लिए सरकार को सालाना 42 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं।












Click it and Unblock the Notifications