महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में हर बीमारी का होगा मुफ्त इलाज, मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
Mahatma Jyotiba Phule Jan Arogya Yojana: महाराष्ट्र में रहने वाले गरीब और कमजोर तबके के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। महाराष्ट्र में गरीब-कमजोर तबके के लोगों के लिए महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
जी हां...इस योजना के तहत प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में नागरिकों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जा रहा है। शंदे सरकार की इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाना है। इससे उनके इलाज पर खर्च होने वाला पैसे की भी बचत होगी।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अब सभी तरह का इलाज सरकार द्वारा निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 2,418 संस्थाएं हैं। नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण अस्पताल, महिला अस्पताल, जिला सामान्य अस्पताल, उप-जिला अस्पताल, रेफरल सेवा अस्पताल और कैंसर अस्पताल में मुफ्त इलाज मिलेगा।
वर्तमान में, हर साल 2.55 करोड़ नागरिक इन सुविधाओं में इलाज कराते हैं। महाराष्ट्र सरकार का लक्ष्य मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देकर इस संख्या को बढ़ाना है। आपको बता दें कि पिछले साल जून में ही महाराष्ट्र सरकार ने महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के दायरे को बढ़ाने की घोषणा की थी।
कवरेज की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है। इस योजना का लाभ अब राज्य के सभी नागरिकों को मिलेगा। इससे पहले इस योजना का लाभ पीले राशन कार्ड धारकों, अंत्योदय अन्न योजना राशन कार्ड धारकों, अन्नपूर्णा राशन कार्ड धारकों और नारंगी राशन कार्ड धारकों को मिलता था।
इसमें कृषि संकट से जूझ रहे 14 जिलों के सफेद राशन कार्ड धारक किसान परिवार भी शामिल थे। मंत्रिमंडल की मंजूरी के साथ, अब सभी नागरिक इस योजना से लाभान्वित होंगे, जिससे पूरे महाराष्ट्र में स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित होगी।












Click it and Unblock the Notifications