महाराष्ट्र सरकार ने छात्रों के लिए शुरू की सस्ती बीमा योजना, प्रीमियम राशि 20 रुपए
Maharashtra Student Insurance Scheme: ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक अच्छी खबर यानी गुड न्यूज़ है। महाराष्ट्र में स्नातक छात्रों के लिए एक विशेष बीमा योजना चलाई जा रही है। खास बात यह है कि इस योजना का लाभ ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों दोनों को मिलेगा।
महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार ने इस बीमा योजना की शुरुआत 16 अक्तूबर, 2023 में की थी। जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी इस बीमा योजना के प्रीमियम की शुरुआत सिर्फ 20 रुपये से होती है, जो चिकित्सा और दुर्घटना बीमा कवरेज प्रदान करता है।

राज्य उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस बीमा योजना को लागू करने का आदेश जारी किया था। सरकारी या सहायता प्राप्त कॉलेजों के सभी छात्र इस योजना के लिए पात्र हैं। 20 रुपये का प्रीमियम देने पर छात्रों को एक साल के लिए 1 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा।
यह पॉलिसी एक साल तक के लिए मान्य होगी। वहीं, 62 रुपये का प्रीमियम उसी अवधि के लिए 5 लाख रुपये का कवरेज प्रदान करेगा। यदि राज्य द्वारा मान्यता प्राप्त विभिन्न बीमारियों के लिए 2 लाख रुपये तक के मेडिकल कवरेज की आवश्यकता वाले छात्रों के लिए, 422 रुपये का वार्षिक प्रीमियम आवश्यक है।
सरकारी आदेश में बताया गया था कि प्राथमिक बीमा धारक छात्र है, जबकि माता-पिता (प्रवेश के दौरान पंजीकृत) द्वितीयक बीमा सदस्य होंगे। इस योजना के लिए आईसीआईसीआई लोम्बार्ड इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड और नेशनल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड को चुना गया है। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड 20 रुपये और 422 रुपये के प्रीमियम वाली पॉलिसियों को संभालेगी।
वहीं, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी 5 लाख रुपये के कवरेज वाली 62 रुपये की प्रीमियम योजना का प्रबंधन करेगी। आत्महत्या या आत्महत्या का प्रयास, गर्भावस्था, मोटर रैली, साहसिक खेल, युद्ध, आतंकवाद (नक्सली हमलों को छोड़कर), ड्रग्स, मन:प्रभावी पदार्थ, तत्काल लाभार्थी द्वारा हत्या, परमाणु विकिरण, शराब से संबंधित घटनाएं और दुराचार से संबंधित मामलों में बीमा कवर लागू नहीं होगा।
इस पहल का उद्देश्य छात्रों और उनके परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है, तथा यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें अप्रत्याशित चिकित्सा और दुर्घटना-संबंधी खर्चों के लिए कवर किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications