'बीजेपी नेताओं का चुनाव आयोग का बचाव करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक' कांग्रेस का सीएम फडणवीस पर बड़ा हमला
Maharashtra Congress counter-attack BJP: महाराष्ट्र कांग्रेस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य नेताओं पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित गड़बड़ियों को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का भाजपा नेता मज़ाक उड़ा रहे हैं। बीजेपी चुनाव आयोग (EC) के बचाव में उतरकर लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों की अवहेलना कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता गोपाल तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है, लेकिन भाजपा नेता इस गंभीर मसले का उपहास कर रहे हैं। वे चुनाव आयोग के प्रवक्ता बनकर काम कर रहे हैं, जबकि उन्हें खुद आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने चाहिए थे।

राहुल गांधी ने ठोस आंकड़ों और तथ्यों के साथ उठाया मुद्दा
गोपाल तिवारी के अनुसार, राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनावों में कथित धांधली को लेकर संसद में, प्रेस कॉन्फ्रेंस में और हाल ही में एक समाचार पत्र में लेख के जरिए विस्तृत तरीके से तथ्यों को सामने रखा।
कांग्रेस प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि "राहुल गांधी ने जो भी आरोप लगाए हैं, वे तथ्यों और आंकड़ों पर आधारित हैं। फिर भी भाजपा नेता चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करने के बजाय उसका बचाव कर रहे हैं, जो असंवैधानिक और निंदनीय है।"
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को मिली राष्ट्रीय समर्थन की पुष्टि
तिवारी ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 102 सीटें जीतकर देश भर में जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि "एक जिम्मेदार विपक्षी नेता होने के नाते राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के चुनावों में हुई कथित गड़बड़ियों की ओर राष्ट्र का ध्यान खींचा है।
उन्होंने लोकसभा में भी इस मुद्दे को उठाया और अब विस्तार से अखबार में लेख भी लिखा।" तिवारी ने यह भी बताया कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग को इस संबंध में एक लिखित शिकायत भी सौंपी है।
"मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी की"
तिवारी ने भाजपा सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि जब सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए एक निष्पक्ष चयन समिति बनाने का आदेश दिया - जिसमें प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश और विपक्ष के नेता को शामिल किया गया था - तब मोदी सरकार ने मुख्य न्यायाधीश को हटाकर गृह मंत्री को उस समिति में शामिल कर लिया।
उन्होंने कहा कि "इस तरह की बदलाव करना मोदी सरकार की मंशा को स्पष्ट रूप से उजागर करता है। फडणवीस ने इस चयन समिति में किए गए बदलाव को क्यों छिपाया? यह उनका असली चेहरा उजागर करता है।"
महाराष्ट्र कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों पर पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। पार्टी ने भाजपा नेताओं से यह मांग की है कि वे चुनाव आयोग के समर्थन में बयानबाजी बंद करें और आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जरूरी सवाल उठाएं।












Click it and Unblock the Notifications