Maharashtra Chunav Result: 'CM के चेहरे पर कोई विवाद नहीं, पहले दिन से ही तय था', बंपर जीत के बाद बोले फडणवीस
Maharashtra Assembly Elections Result: महाराष्ट्र में एक बार फिर महायुति की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी गठबंधन बंपर सीटों के साथ सत्ता में वापसी करने जा रहा है। ऐसे में शिवसेना शिंदे, बीजेपी और अजित पवार एनसीपी तीनों ही खेमों में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल है। इस बीच बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया के बीच आकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
Recommended Video
देवेंद्र फडणवीस ने सीएम फेस को लेकर भी अपनी बात साफ की। साथ ही महायुति की जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिया। फडणवीस ने कहा कि, "महाराष्ट्र की जनता ने हमें अप्रत्याशित जीत दिलाई है। इससे पता चलता है कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।"

यह एकता की जीत है-फडणवीस
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो नारा दिया था 'एक हैं तो सेफ हैं', उसके अनुरूप सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर हमें वोट दिया। यह महायुति, सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार और रामदास अठावले की जीत है, यह एकता की जीत है।"
सीएम फेस पर क्या बोले देवेंद्र फडणवीस?
महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस सवाल पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मुख्यमंत्री के चेहरे पर कोई विवाद नहीं होगा। पहले दिन से ही तय था कि चुनाव के बाद तीनों दलों के नेता एक साथ बैठेंगे और इस पर फैसला करेंगे। फैसला सभी को स्वीकार्य होगा, इस पर कोई विवाद नहीं है।"
वहीं देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "लोगों ने अपना जनादेश दिया है और लोगों ने एकनाथ शिंदे को असली शिवसेना के रूप में स्वीकार किया है और अजित पवार को एनसीपी की वैधता मिली है।"
संजय राउत को फडणवीस का जवाब
संजय राउत के आरोपों पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "सबसे पहले तो मैं संजय राउत पर प्रतिक्रिया नहीं देता, लेकिन आज मैं प्रतिक्रिया दे रहा हूं क्योंकि यह जरूरी है। मैं जानता हूं कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की जीत हुई है और बहुत वैध तरीके से जीत हुई है। वहां चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष था। चुनाव आयोग ने वहां अच्छा काम किया है। वहां ईवीएम इतने मजबूत थे कि उन्हें हैक नहीं किया जा सकता था। वहां लोकतंत्र की जीत हुई है और अगर महाराष्ट्र में हमें बहुत बड़ी जीत मिली है, तो चुनाव आयोग पक्षपाती हो गया है। यहां ईवीएम हैक की गई है। यहां लोकतंत्र की हत्या की गई है। देखिए, कभी-कभी आत्मचिंतन करने की जरूरत होती है।"












Click it and Unblock the Notifications