Maharashtra Chunav: एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने इन दिग्गजों पर फिर लगाया दांव
Maharashtra Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में देर नहीं की और अपनी मौजूदा सीटों में से 99 के लिए नामों की लिस्ट जारी कर दी। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी अपनी पार्टी के 45 उम्मीदवारों की घोषणा की। इस सूची में सभी मौजूदा विधायक और कुछ नए चेहरे शामिल हैं।
सीएम एकनाथ शिंदे खुद ठाणे में अपनी लंबे समय से चली आ रही कोपरी पचपक्खड़ी सीट से चुनाव लड़ेंगे, जिसका वे 2004 से ही प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शिवसेना ने एक बार फिर से अपने कई दिग्गज नेताओं पर भरोसा जताया है और विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें टिकट दिया है।

शिवसेना ने लगाया दिग्गज नेताओं पर दांव
शिवसेना के फायर ब्रांड चेहरे और राज्य के जल आपूर्ति मंत्री गुलाबराव रघुनाथ पाटिल को जलगांव ग्रामीण क्षेत्र से मौका दिया गया है। जबकि चिरंजीव अमोल पाटिल को एरंडोल विधानसभा क्षेत्र से उतारा गया है।
एमएलए चंद्रकांत पाटिल जो 2019 के चुनाव में निर्दलीय लड़े और खडसे परिवार का समर्थन किया था, उन्हें फिर से मुक्ताईनगर चुनाव क्षेत्र से उतारा गया है। वहीं बुल्ढाणा से संजय गायकवाड़, मेहकर से संजय रायमुलकर और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिजीत अडसुल के बेटे अभिजीत अडसुल को दरियापुर से टिकट मिला है।
अर्जुन खोतकर को जालना विधानसभा क्षेत्र से मौका मिला है, तो एकनाथ शिंदे सरकार में मंत्री अब्दुल सत्तार को उनकी पारंपरिक सिल्लोड सीट से उतारा गया है।
बड़े चेहरों पर सीएम शिंदे ने जताया भरोसा
शिवसेना प्रवक्ता और एमएलए संजय शिरसाठ को छत्रपति संभाजीनगर पश्चिम से प्रत्याशी बनाया गया है। भुजबल परिवार को हराने वाले एमएलए सुहास कांडे को नासिक जिले की नंदगांव सीट से एक और मौका मिला है। जबकि धुले जिले में शिवसेना का दायरा बढ़ाने वाले मंत्री दादाजी भुसे को मालेगांव बाहरी से टिकट दिया गया है।
मुंबई में भी मौजूदा विधायकों को मौका
मायानगरी मुंबई में शिवसेना के करीब सभी मौजूदा विधायकों को टिकट मिला है। पश्चिमी उपनगर मगाठाणे से प्रकाश सुर्वे को एक और अवसर दिया है। इसी तरह चांदीवली से दिलीप लांडे, कुर्ला से मंगेश कुडालकर, माहिम से सदा सरवणकर को टिकट मिला है। मुंबई के भायखला से मौजूदा विधायक यामिनी यशवंत जाधव इस बार भी यहीं से चुनाव लड़ने जा रही हैं। रायगढ़ जिले के कर्जत विधानसभा से महेंद्र थोर्वे पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
माहिम में सदा सरवणकर एमएनएस चीफ राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे को टक्कर देंगे। प्रताप सरनाईक को ठाणे जिले में उनकी पारंपरिक ओवला मजीवाड़ा सीट दी गई है। रायगढ़ जिले के अलीबाग विधानसभा में महेंद्र दलवी फिर से मैदान में होंगे, वहीं शिवसेना के प्रतोद भरत गोगवले महाड से भाग्य आजमाएंगे।
पश्चिम महाराष्ट्र और कोंकण में भी शिवसेना की वही रणनीति
पश्चिम महाराष्ट्र में भी वही हाल है। उमरग्या से ज्ञानराज चौगुले, परांडा से मंत्री तानाजी सावंत, सांगोला से शाहजीबापू पाटिल, कोरेगांव से महेश शिंदे, सतारा जिले की पाटन सीट से मंत्री शंभूराज देसाई को मौका दिया गया है।
शिवसेना की लिस्ट में कोंकण से भी बड़े नाम सामने आए हैं। रत्नागिरी विधानसभा क्षेत्र से उदय सामंत को फिर से मौका मिला है। उनके भाई, बिल्डर किरण सामंत को राजापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री और मुंबई शहर के संरक्षक मंत्री दीपक केसरकर को फिर से सावंतवाड़ी विधानसभा सीट से मौका दिया गया है। वह पूर्व एमएलसी राजन तेली के खिलाफ लड़ेंगे, जो बीजेपी छोड़कर उद्धव ठाकरे गुट में शामिल हो गए थे। कद्दावर शिवसेना नेता रामदास कदम के बेटे योगेश कदम को दापोली से टिकट दिया गया है।
इसी तरह कोल्हापुर जिले की राधानगरी सीट से प्रकाश अबितकर, करवीर से चंद्रदीप नारके और सांगली जिले की खानापुर सीट से सुहास बाबर शिवसेना उम्मीदवार होंगे।












Click it and Unblock the Notifications