लोकसभा चुनाव परिणाम से पहले अजीत पवार की NCP ने इस राज्य में जीतीं 3 सीटें, कहा-'' राष्ट्रीय पार्टी...'
Ajit Pawar's NCP wins 3 seats in Arunachal polls: पूरा देश 4 जून का बेसब्री से इंतजार कर रहा है क्योंकि इस दिन लोकसभा चुनाव 2024 के चुनाव परिणाम सामने आने वाले हैं लेकिन इसके पहले ही अजीत पवार के लिए एक शानदार खबर आई है।
दरअसल अजीत पवार की पार्टी ने अरुणाचल विधानसभा चुनावों में तीन सीटें जीतकर बड़ा कारनामा किया है। आपको बता दें कि अरुणाचल में एक बार फिर से कमल खिला है, रविवार को आए चुनाव परिणाम में भाजपा ने यहां 60 विधानसभा सीटों में से 46 सीटों पर अपना कब्जा किया है।

अजीत पवार की एनसीपी ने यहां तीन सीटें जीत ली हैं
तो वहीं अजीत पवार की एनसीपी ने यहां तीन सीटें जीत ली हैं, मालूम हो कि पार्टी ने विधानसभा में 15 उम्मीदवार उतारे थे। जो तीन उम्मदीवार यहां जीते हैं उनके नाम हैं टोको तातुंग, लिखा सोनी और निख कमीन। खास बात ये है कि जुलाई 2023 में शरद पवार की एनसीपी से अलग होने के बाद अजीत पवार की एनसीपी की पहली चुनावी जीत है।
'राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम'
तीन सीटें जीतने के बाद पार्टी के लोकप्रिय नेता प्रफुल्ल पटेल ने एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर पार्टी और उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि 'एनसीपी के लिए एक महत्वपूर्ण जीत!हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश में 3 विधानसभा सीटें जीती हैं और 10% से अधिक वोट शेयर हासिल किया है। यह अविश्वसनीय सफलता राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने की हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने से बस एक राज्य दूर-पटेल
महाराष्ट्र, नागालैंड और अब अरुणाचल प्रदेश में पिछली जीत के साथ, हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने से बस एक राज्य दूर हैं। हमारे सभी समर्पित विजेताओं और विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश के राज्य अध्यक्ष लिखा साया को उनके असाधारण नेतृत्व और अटूट प्रतिबद्धता के लिए बधाई। आपकी कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता ने इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।आइए इस वेग को बनाए रखें और अधिक ऊंचाईयां छूने का प्रयास करें।'
चुनाव आयोग ने लिया था बड़ा फैसला
मालूम हो कि चुनाव आयोग (ईसी) ने 11 अप्रैल को अविभाजित एनसीपी का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया था। आयोग ने पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए ये कदम उठाया था।
बारामती सीट पर ननद-भाभी आमने-सामने, कौन मारेगा बाजी?
आपको बता दें कि लोकसभा चुनावों में एनसीपी ने महाराष्ट्र की चार सीटों बारामती, रायगढ़, शिरुर और उस्मानाबाद पर चुनाव लड़ा है। सबसे बड़ी और रोचक लड़ाई तो बारामती में है, जहां पर एनसीपी चीफ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले और डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आमने-सामने हैं। अगर सुप्रिया सुले यहां से जीतती हैं, तो बारामती से वो चौथी बार जीतेंगी। । देखते हैं ननद-भाभी की इस लड़ाई में बाजी कौन मारता है।












Click it and Unblock the Notifications