Lok Sabha Chunav: पत्नी सुनेत्रा पवार के खिलाफ परिवार ने किया प्रचार तो भड़के अजित पवार, दे दी ये चेतावनी!
Lok Sabha Election 2024 Maharashtra: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार अपने ही परिवार वालों और रिश्तेदारों से नाराज हो गए हैं। वे महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट पर अपनी पत्नी और एनसीपी प्रत्याशी सुनेत्रा पवार के खिलाफ रिश्तेदारों के प्रचार करने पर भड़के हुए हैं।
दरअसल, अजित पवार के भाई और पवार परिवार के अन्य सदस्य उनकी चचेरी बहन और एनसीपी शरदचंद्र पवार की प्रत्याशी सुप्रिया सुले के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। यह बात डिप्टी सीएम को बहुत ही नागवार गुजर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए अपने ही परिवार के लोगों से कहा है कि अगर उनका मुंह खुल गया तो उन्हें 'छिपने की जगह' नहीं मिलेगी।

मेरे चुनाव में मेरे भाइयों ने कभी प्रचार नहीं किया- अजित पवार
अजित पवार का गुस्सा परिवार के जिन लोगों के खिलाफ भड़का हुआ है, उनमें उनके अपने बड़े भाई श्रीनिवास पवार भी शामिल हैं जो अपने चाचा शरद पवार की बेटी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अजित पवार ने कहा, 'मेरे चुनाव में मेरे भाइयों ने कभी प्रचार नहीं किया...लेकिन अब वे घर-घर जाकर (सुप्रिया सुले के लिए) प्रचार कर रहे हैं।'
'चुनावों के बाद वे विदेश चले जाएंगे'
उनके मुताबिक, 'उन्हें मेरी सीट पर प्रचार करने की कभी जरूरत नहीं पड़ी। क्या चुनाव के बाद वे क्षेत्र में घूमने निकलेंगे? नहीं, क्योंकि क्षेत्र का काम सिर्फ मेरे द्वारा होना है। वे छाते की तरह हैं, जो सिर्फ बारिश में ही निकलते हैं। चुनावों के बाद वे विदेश चले जाएंगे, उन्हें विदेश यात्राओं की आदत है।'
'अगर मैंने अपना मुंह खोला तो ये लोग..'
पवार परिवार के सदस्यों की ओर से अपनी आलोचनाओं और पत्नी सुनेत्रा पवार के खिलाफ जोरदार अभियान चलाने से वे बेहद नाराज हैं। उनका कहना है, 'मैं अभी तक बहुत ही संतुलित बात कर रहा हूं, अगर मैंने अपना मुंह खोला तो ये लोग यहां घूमने लायक नहीं रहेंगे, वे अपना चेहरा दिखाने लायक नहीं बचेंगे।'
अपनी पत्नी के पक्ष में प्रचार करते हुए अजित पवार ने कहा, 'मैं उनसे (परिवार वालों से) सार्वजनिक रूप से कहना चाहता हूं कि सिर्फ मैं चुप हूं इसलिए आप समझते हैं कि आपलोग बहुत ज्यादा बोल सकते हैं।' उपमुख्यमंत्री की नाराजगी के पीछे वजह ये है कि पवार परिवार का पूरा कुनबा उनकी पत्नी सुनेत्रा के खिलाफ और सुप्रिया के समर्थन में पूरी ताकत से अभियान में उतर आया है।
बड़े भाई श्रीनिवास के करीबी रहे हैं अजित पवार
अजित पवार अपने बड़े भाई श्रीनिवास पवार के करीब रहे हैं। लेकिन, उन्होंने भी कुछ हफ्ते पहले शरद पवार से बगावत करने और सुप्रिया के खिलाफ अपनी पत्नी को उतारने के लिए उन्हें 'नालायक' और 'अहसान फरामोश' तक कह दिया था। बाद में श्रीनिवास के बेटे योगेंद्र ने दावा किया था कि 'नालायक' शब्द अजित पवार के लिए नहीं था।
सिर्फ श्रीनिवास ही नहीं, उनकी पत्नी शर्मिला पवार और उनका बेटा भी सुले के पक्ष में प्रचार में जुटा है। इनके अलावा पवार परिवार के अन्य सदस्य जैसे राजेंद्र पवार, उनकी पत्नी सुनंदा, बेटी साई पवार भी सुप्रिया के पक्ष में प्रचार में उतरे हुए हैं। राजेंद्र भी शरद पवार के भतीजे हैं।
सुनेत्रा 'पवार' के नाम पर मांगा वोट
अपने भाषण में अजित पवार ने बारामती में उनकी ओर से कराए गए सभी विकास कार्यों का कथित श्रेय लेने के लिए सुप्रिया सुले पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'मैं कुछ लोगों (सुले) को नहीं समझ सकता।'
वे बोले कि बारामती के लोग सोच रहे होंगे कि सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार में से किसे वोट दें। उन्होंने कहा कि समाधान बहुत ही सरल है, 'बारामती के लोगों ने हमेशा ही पवार परिवार का समर्थन किया है, इसलिए इस बार भी उन्हें उसे वोट देना चाहिए, जिसके नाम में पवार (सुनेत्रा पवार) है।'












Click it and Unblock the Notifications