एकनाथ शिंदे को 'गद्दार' कहने वाले कुणाल कामरा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, इस कमेटी ने लिया अहम फैसला
Kunal Kamra Case: महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने के मामले में कॉमेडियन कुणाल कामरा की जल्द मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसकी वजह है कि महाराष्ट्र विधानसभा की प्रिविलेज कमेटी ने माना है कि कामरा ने विशेषाधिकार हनन किया है और उन्हें नोटिस भेजा जाएगा।
पुलिस कार्रवाई में कोर्ट से कुणाल कामरा को राहत मिली थी, लेकिन विधानभवन की कार्यवाही स्टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।विशेषाधिकार हनन से जुड़ा प्रस्ताव पिछले विधानसभा सत्र में पास हुआ था। जल्दही इस मामले में कुणाल कामरा को नोटिस भेजे जाने की संभावना है।

कुणाल कामरा के खिलाफ दर्ज हैं ये केस
मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कुणाल कामरा के खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इन तीनों मामलों में महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों से जीरो एफआईआर के तहत शिकायतें मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर की गई हैं। यह एफआईआर बुलढाना, नासिक और ठाणे जिलों से दर्ज की गई थीं और अब इनकी जांच मुंबई के खार पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।
कुणाल कामरा को बॉम्बे HC से मिल चुकी है जमानत
मुंबई पुलिस के अनुसार, कामरा पर आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस संबंध में कुणाल कामरा को तीन बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह पुलिस स्टेशन में उपस्थित नहीं हुए। उन्हें अप्रैल महीने में बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।
कुणाल कामरा ने शिंदे को कहा था 'गद्दार'
कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे का नाम लिए बिना उन्हें 'गद्दार' कहा था, जिसके कारण शिवसेना कार्यकर्ता भड़क उठे थे। कामरा ने मुंबई में जिस स्टूडियो में कॉमेडी का एपिसोड शूट किया था, उस जगह पर तोड़फोड़ की गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, जिसके खिलाफ कामरा हाई कोर्ट गए थे।
अपनी याचिका में कामरा ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 और 21 के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जीवन के अधिकार के मौलिक अधिकार के आधार पर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग की थी। एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी के मामले में पुलिस कार्रवाई में कोर्ट से कुणाल कामरा को राहत मिली थी, लेकिन विधानभवन की कार्यवाही से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications