Ketan Agarwal: ‘जहां से केतन गिरा, उसी 400 फीट गहरी खाई में बेटी को फेंको’, मंगेतर Siya के माता-पिता का रुख
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के रियल एस्टेट व्यवसायी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से धक्का देकर हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। आरोपी सिया गोयल (19) की मां पूजा गोयल और पिता प्रवीण गोयल ने खुलकर बयान दिया है। दोनों ने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, भले ही उनकी अपनी बेटी सिया ही क्यों न हो, उसे सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। पूजा गोयल ने तो यह तक कह दिया कि अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे उसी जगह से नीचे फेंक दिया जाए, जहां से केतन को फेंका गया था।
यह बयान केतन हत्याकांड को और ज्यादा संवेदनशील बना रहा है। एक तरफ सिया पर हत्या की साजिश का आरोप है, दूसरी तरफ उसके मां-बाप न्याय की मांग कर रहे हैं।

Siya Goyal Mother Pooja Goyal Statement: सिया की मां पूजा गोयल का भावुक बयान
पूजा गोयल ने कहा कि अगर इसमें किसी की भी गलती है, तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। भले ही उसमें मेरी बेटी ही क्यों न शामिल हो। अगर मेरी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए जहां से केतन को फेंका गया था। उन्होंने आगे बताया कि दोनों परिवारों के बीच बहुत गहरा प्यार और विश्वास था। केतन का परिवार सिया को बहुत प्यार और स्नेह देता था। सारे कार्यक्रम अच्छे से चल रहे थे। उन्होंने उसके 19 जून जन्मदिन के जश्न के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किए थे। अगर हमें लगता कि सिया को कोई परेशानी हो रही है या वह केतन से बात नहीं कर पा रही है, तो वे हमसे बात करते।
पूजा गोयल ने दावा किया कि सिया ने शादी को लेकर कभी कोई नाराजगी नहीं जताई। हमें चेतन के बारे में कुछ भी पता नहीं था। सगाई के बाद से वह सिर्फ केतन से ही बात करती थी।
Siya Goyal Father Praveen Goyal Statement: सिया के पिता प्रवीण गोयल का सख्त रुख
केतन हत्याकांड में गिरफ्तार सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल को हार्ट अटैक आया। अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने कहा कि जिसने भी यह किया है, उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जिस किले से हमारा केतन गिरा था, जो भी दोषी पाया जाए, भले ही वह मेरी अपनी बेटी ही क्यों न हो, उसे भी वहीं से नीचे धकेल दिया जाना चाहिए।
उन्होंने केतन को अपना बेटा बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। कहा कि हमने एक बेटा और एक बहुत अच्छा रिश्ता खो दिया है। केतन का परिवार बहुत अच्छा और संस्कारी है। हमने भविष्य के लिए बहुत सारे सपने देखे थे। शादी उदयपुर के अनंता रिजॉर्ट में तय थी, जिसका खर्च अकेले 3 करोड़ रुपये था। कुल मिलाकर शादी पर 5 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना थी।
प्रवीण गोयल ने स्पष्ट किया कि उन्हें सिया के चेतन चौधरी से किसी भी तरह के संबंध की कोई जानकारी नहीं थी। सिया एक सीधी-सादी 19 साल की लड़की है। चेतन का न तो चेहरा देखा, न कभी नाम सुना। वह कभी हमारे घर नहीं आया।
परिवार की खुशियां और सपने, सब चकनाचूर

दोनों परिवार 35-45 साल से एक-दूसरे को जानते थे। सगाई 19 फरवरी 2026 में हुई थी। उदयपुर में नवंबर 2026 में भव्य शादी तय थी। सिया केतन के घर आती-जाती थी, परिवार के साथ पूजा-पाठ, होली में शामिल होती थी। सिया के पिता के मुताबिक, सिया अक्सर कहती थी कि मुझे इतने अच्छे सास-ससुर मिले हैं। आप लोगों ने बहुत अच्छा रिश्ता ढूंढकर दिया।" केतन के जन्मदिन और सिया के जन्मदिन (19 जून) के जश्न की भी तैयारियां चल रही थीं। लेकिन 18 जून को लोहागढ़ किले की यात्रा ने सब कुछ बदल दिया।

4 महीने की साजिश?
पुलिस जांच के अनुसार सिया और चेतन चौधरी के बीच लंबे समय से संबंध थे। 2,004 कॉल्स और 238 घंटे की बातचीत का रिकॉर्ड सामने आया है। तीन बार हत्या के असफल प्रयास भी पुलिस ने बताए हैं। सिया के मां-बाप का कहना है कि अगर केतन के परिवार को कोई शक था तो उन्हें बताना चाहिए था। अगर बताया होता तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।

केतन अग्रवाल एक होनहार युवा थे। उनके परिवार ने बेटे के साथ-साथ एक रिश्ता भी खो दिया। गोयल परिवार ने भी बेटी के अलावा अपनी इज्जत और भविष्य खो दिया। अब सबकी नजर अदालत और पुलिस जांच पर है। आखिर में सच्चाई सामने आएगी और न्याय होगा।













Click it and Unblock the Notifications