Kalyan-Latur Expressway: एक्सप्रेसवे को मिली मंजूरी, मुंबई से 11 घंटे की जर्नी 4 घंटे में होगी पूरी
Kalyan-Latur Expressway: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कल्याण-लातूर एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के इस प्रोजेक्ट के तहत लगभग 442 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे तैयार किया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के तैयार हो जाने के बाद कल्याण/ठाणे और लातूर के बीच मौजूदा 10-11 घंटे की यात्रा का समय घट कर चार घंटे रह जाएगा। अभी तक ये प्रोजेक्ट कागजों पर थी लेकिन सीएम फडणवीस की सरकार द्वारा मंजूरी दिए जाने के बाद अब जल्द इस पर काम शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को नागपुर में महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के विभिन्न प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठक में हरी झंडी मिली। इस दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने शक्तिपीठ महामार्ग सहित कई अन्य प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। कल्याण-लातूर एक्सप्रेसवे के महत्व और उपयोगिता पर एक प्रेजेंटेशन दिया गया।, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने इसे अपनी मंजूरी दी।

हालांकि प्रोजेक्ट को मिली इस मंजूरी के बाद MSRDC डिटेल प्रोजेक्ट प्रपोजल तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को सौंपेगा। राज्य मंत्रिमंडल की हरी झंडी मिलते ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर काम शुरू होगा। यह एक्सप्रेसवे MSRDC की राज्यव्यापी 4,217 किलोमीटर सड़क गलियारों की योजना का हिस्सा है।
महाराष्ट्र के किन एरिया को करेगा कवर?
लोकसत्ता रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों का अनुमान है कि DPR तैयारी, स्वीकृतियों और प्रारंभिक कार्य में 12 से 18 महीने लगेंगे, जिसके बाद जमीनी निर्माण शुरू हो पाएगा। एक्सप्रेसवे कल्याण से शुरू होकर माळशेज घाट, अहमदनगर, बीड, मांजरसुंबा और अंबाजोगाई होते हुए लातूर पहुंचेगा। इसे आगे महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा का विस्तार किया जाएगा।
मुंबई से मराठवाड़ा की यात्रा होगी आरामदायक और आसान
प्रोजेक्ट में माळशेज घाट खंड में 8 किलोमीटर लंबी सुरंग एक प्रमुख इंजीनियरिंग घटक है। यह एक्सप्रेसवे आगामी विरार-अलीबाग मल्टी-मोडल कॉरिडोर से जुड़ेगा, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के यात्रियों को सहज पहुंच मिलेगी। लगभग ₹35,000 करोड़ की अनुमानित लागत वाले इस प्रोजेक्ट से मुंबई और मराठवाड़ा के बीच यात्रा तेज, सुरक्षित होगी।












Click it and Unblock the Notifications