Train Accident: महाराष्ट्र के CM फडणवीस जलगांव हादसे पर जताई संवेदना, मृतकों के परिजनों को देंगे 5 लाख मुआवजा
Train Accident: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में हुई एक दर्दनाक ट्रेन दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में 12 यात्रियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। राज्य और केंद्र सरकार के प्रमुख नेताओं ने घटना पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों के चिकित्सा खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी।

सीएम फडणवीस ने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। प्रभावित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। हम घायलों को जल्द से जल्द हर संभव चिकित्सा सहायता मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री गिरीश महाजन और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर भी राहत कार्यों के लिए मौजूद थे।
गृह मंत्री अमित शाह की संवेदना
गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि महाराष्ट्र के जलगांव में हुई रेल दुर्घटना बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम फडणवीस से फोन पर बात कर बचाव कार्यों और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अन्य नेताओं की प्रतिक्रियाएं
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने भी दुर्घटना पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना हृदयविदारक है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन को घायलों की समुचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कहा कि 12 लोगों की मौत हो गई है। 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। घटना जलगांव से 40 किमी दूर हुई। पुष्पक एक्सप्रेस के यात्री जो लखनऊ से मुंबई जा रहे जनरल कोच में आग लगने की अफवाह फैली तो चेन खींचकर ट्रेन से कूद गए। उसी समय कर्नाटक एक्सप्रेस दूसरे ट्रैक से गुजर रही थी। जिसकी चपेट में यात्री आ गए।
राहत और बचाव कार्यों की स्थिति
दुर्घटना के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम दिया। आसपास के अस्पतालों को तैयार रखा गया और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। जिला प्रशासन और रेलवे विभाग समन्वित प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।
इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे देश को शोकाकुल कर दिया है। राज्य और केंद्र सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों से प्रभावित परिवारों को मदद मिलने की उम्मीद है। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर नए सिरे से चर्चा छेड़ दी है।












Click it and Unblock the Notifications