Jalgaon Election Result : जेल से लड़ा चुनाव,बेटा, पति और सास तीनों जीते, कौन है कोल्हे परिवार जिसने रचा इतिहास
Jalgaon Election Result 2026: जलगांव नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसी कहानी जोड़ दी है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने एक साथ चुनाव जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
खास बात यह रही कि परिवार के एक सदस्य ने जेल में रहते हुए चुनाव लड़ा और जीत भी दर्ज की। यह कहानी है जलगांव के कोल्हे परिवार की, जिसने चुनावी मैदान में विरोधियों को पीछे छोड़ दिया।

कोल्हे परिवार, तीन जीत और जश्न का माहौल
जलगांव म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के नतीजों में ललित कोल्हे, उनकी मां सिंधुताई कोल्हे और बेटे पीयूष ललित कोल्हे ने जीत हासिल की। तीनों ने महायुति के टिकट पर चुनाव लड़ा और सफलता पाई। नतीजों के बाद कोल्हे परिवार के घर पर ढोल-ताशों के साथ जश्न मनाया गया। परिवार के सदस्य भावुक हो गए और खुशी के आंसू छलक पड़े।
जेल से लड़ा चुनाव और जीत गए ललित कोल्हे (Lalit Kolhe Jail Election)
इस पूरी कहानी का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि ललित कोल्हे ने जेल में रहते हुए चुनाव लड़ा। सितंबर में फेक कॉल सेंटर स्कैम के मामले में गिरफ्तारी के बाद वह जेल में थे, लेकिन इसके बावजूद जनता ने उन पर भरोसा जताया। ललित कोल्हे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से जुड़े रहे हैं और साल 2018 में जलगांव के मेयर भी रह चुके हैं। बाद में वह शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हुए।
परिवार की जीत पर भावुक प्रतिक्रिया (Kolhe Family Victory)
ललित कोल्हे की पत्नी सरिता कोल्हे की प्रतिक्रिया ने लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि उनके पति पर झूठे आरोप लगाए गए थे और जनता ने वोट देकर सच्चाई का साथ दिया। सरिता कोल्हे ने बताया कि पति की गिरफ्तारी के बाद से उन्होंने चप्पल नहीं पहनी थी और प्रण लिया था कि ललित के घर लौटने पर ही पहनेंगी। उन्होंने कहा कि जनता ने उनके परिवार के लिए सब कुछ संभव कर दिया।
बेटे पीयूष कोल्हे की जीत का संदेश
वार्ड नंबर 4 से जीत दर्ज करने वाले पीयूष कोल्हे ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन मतदाताओं ने सच्चाई को पहचाना। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए है जिन्होंने उन पर भरोसा किया।
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों की बड़ी तस्वीर (Maharashtra Civic Elections 2026)
करीब नौ साल बाद हुए 29 नगर निकाय चुनावों में कुल 2,869 वार्डों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 15,931 उम्मीदवार मैदान में थे। शुरुआती रुझानों में बीजेपी सबसे आगे नजर आ रही है, जबकि शिवसेना शिंदे गुट और कांग्रेस भी कई सीटों पर मजबूती से मुकाबला कर रही हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका में इस बार 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications