इंद्राणी मुखर्जी की वकील का दावा-शीना को 'जिंदा' देखने वाली महिला बयान दर्ज कराने को तैयार
मुंबई, 22 दिसंबर: शीना बोरा हत्याकांड में नया मोड़ आ चुका है। इंद्राणी मुखर्जी की वकील सना आर खान ने बुधवार को कहा कि जिस महिला ने इंद्राणी मुखर्जी को बताया कि उसने जम्मू-कश्मीर में शीना बोरा को जिंदा देखा है, वह अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार है। महिला ने 24 जून को डल झील के पास शीना बोरा से मिलने का दावा किया है। वकील ने कहा, 'हम निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को निर्देश देने के लिए कोर्ट में एक अर्जी दाखिल करेंगे।'

छह साल पुराने मामले में इंद्राणी मुखर्जी को 2015 में अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इंद्राणी मुखर्जी ने इस बीच सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया है कि शीना बोरा जीवित है। अपने पत्र में, उसने दावा किया कि एक महिला सरकारी अधिकारी ने उसे बताया कि उसने शीना को देखा है। शीना बोरा इंद्राणी मुखर्जी उनके पहले पति की बेटी थीं। जिसकी 24 अप्रैल 2012 को गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी और लाश को जला दिया गया था।
शीना बोरा की हत्या सौतेले भाई से प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद की वजह से हुई थी। दरअसल इंद्राणी मुखर्जी के पति पीटर मुखर्जी के पहली पत्नी से हुए बेटे का नाम राहुल है जिससे शीना का अफेयर चल रहा था। इस बात से इंद्राणी और पीटर दोनों नाखुश थे। इस हत्याकांड को 2012 में अंजाम दिया गया था। दो साल तक सभी लोग यही समझते रहे कि शीना पढ़ाई के लिए अमेरिका गई हुई है। हालांकि 2015 में पुलिस को यह खबर मिली कि शीना की हत्या कर दी गई है।
सीबीआई ने 2015 में इस मामले को अपने हाथ में लिया था और अपनी जांच पूरी कर ली है। सीबीआई इंद्राणी मुखर्जी के पत्र को गंभीरता से नहीं ले रही है, क्योंकि वे इसे केवल मामले को लंबा खींचने के प्रयास के रूप में देख रही है। सीबीआई ने पहले ही अपनी जांच पूरी कर ली है और निष्कर्ष निकाला है कि इंद्राणी मुखर्जी ने 2012 में अपने ड्राइवर श्यामवर राय और दूसरे पति संजीव खन्ना की मदद से अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications