गौतम अडानी ने की उद्धव ठाकरे से उनके घर जाकर मुलाकात, महाराष्ट्र की सियासत में हलचल के हैं संकेत!
मुंबई, सितंबर 21। हाल ही में दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बनने वाले गौतम अडानी ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मुलाकात बुधवार दोपहर 3 बजे के करीब उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री पर हुई है। हालांकि अभी इस मुलाकात के उद्देश्य के बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है और ना ही किसी अधिकारी ने इस बैठक के बारे में विस्तार से कुछ बताया है। हालांकि एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि जरूर की है कि यह मीटिंग आज ही हुई है।

महाराष्ट्र की राजनीति हो सकती है प्रभावित?
ऐसा माना जा रहा है कि गौतम अडानी और उद्धव ठाकरे के बीच हुई इस मुलाकात से महाराष्ट्र की राजनीति प्रभावित हो सकती है, क्योंकि इस मुलाकात का समय ऐसा है, जब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उद्योग मंत्री उदय सामंत, पोर्ट मंत्री दादाजी भूसे और बागवानी मंत्री संदीपन भुमरे दिल्ली में हैं।
महाराष्ट्र में आया था सियासी संकट
आपको बता दें कि इसी साल जून में महाराष्ट्र में आए सियासी संकट के बाद शिवसेना से बागी हुए एकनाथ शिंदे ने पूरी सत्ता पलट दी थी। शिंदे के साथ शिवसेना के 39 विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया था और बाद में शिंदे गुट ने बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना डाली। बीजेपी ने शिंदे को सीएम पद दे दिया और बीजेपी के खाते में डिप्टी सीएम का पद आया। इस तरह उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री बन गए। एकनाथ शिंदे 30 जून को महाराष्ट्र के सीएम बने थे। अब महाराष्ट्र में शिवसेना के वर्चस्व को लेकर लड़ाई चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications