Exit Poll Maharashtra Result: महाराष्ट्र के किस इलाके में पिछड़ा महायुति और कहां नहीं चला MVA का जादू?
Exit Poll Maharashtra Result 2024 News: महाराष्ट्र में बुधवार यानी 20 नवंबर, 2024 को हुए चुनाव को लेकर कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल किए हैं। इनमें से टाइम्स नाउ जेवीसी एग्जिट पोल ने राज्य में क्षेत्रवार भी सर्वे के नतीजे जारी किए हैं। अगर ये अनुमान सही रहे तो इससे एक अंदाजा मिल सकता है कि अगली सरकार बनवाने में कौन सा इलाका प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
हम यहां महाराष्ट्र के अल-अलग क्षेत्रों के लिए जारी किए गए अनुमानों का विश्लेषण कर रहे हैं। वैसे आपको एक बार आगाह कर दें कि यह विश्लेषण टाइम्स नाउ जेवीसी एग्जिट पोल के अनुमानों पर आधारित हैं और 23 नवंबर को वोटों की गिनती के बाद जो चुनाव परिणाम आएंगे, वह पूरी तरह से अलग हो सकते हैं।

मराठवाड़ा- 46 सीट
मराठवाड़ा वही इलाका है, जो मराठा आरक्षण आंदोलन से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। लेकिन, इस इलाके के जो अनुमान सामने आए हैं, वह सत्ताधारी महायुति के लिए उतने बुरे नहीं हैं, जैसे की आशंका जताई जा रही थी। यहां की कुल 46 सीटों में से महायुति गठबंधन को 16 से 21 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, महा विकास अघाड़ी को 23 से 27 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। 2 से 3 सीटें अन्य दलों या निर्दलियों के खाते में जा सकती हैं।
मुंबई- 36 सीट
मायानगरी मुंबई में शिवसेना और शिवसेना-यूबीटी के प्रदर्शन पर चुनावी विशेषज्ञों की नजरें अटकी हुई थीं। इस सर्वे के अनुसार यहां महायुति गठबंधन विपक्षी गठबंधन पर भारी पड़ सकता है। महायुति को 17 से 19 सीटें मिल सकती हैं। जबकि एमवीए को 16 से 18 सीटें मिलने का अनुमान है। 0-1 सीट अन्य के खाते में जा सकती है।
ठाणे-कोंकण- 39 सीट
ठाणे और कोंकण क्षेत्र में विधानसभा की कुल 39 सीटें हैं। एग्जिट पोल के अनुमानों के हिसाब से यहां महायुति का डंका बजता नजर आ रहा है। क्योंकि सत्ताधारी गठबंधन को यहां 23 से 46 सीटें तक मिल सकती हैं। जबकि,एमवीए को सिर्फ 9 से 12 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। जबकि, अन्य के खाते में 3 से 4 सीटें जा सकती हैं।
विदर्भ- 62 सीट
विदर्भ वह इलाका है, जहां लोकसभा चुनावों में भाजपा को जबर्दस्त निराशा हाथ लगी थी। कांग्रेस ने यहां उसपर बड़ी बढ़त हासिल की थी। लेकिन, एग्जिट पोल के अनुमान बता रहे हैं कि महायुति यहां आधी से ज्यादा यानी 32 सीटें जीत सकती है। जबकि, महा विकास अघाड़ी मात्र 26 सीटों पर सिमट सकती है। अन्य को 4 सीटें मिल सकती हैं। यहां की अधिकतर सीटों पर बीजेपी-कांग्रेस में सीधी टक्कर है और दोनों दल बागियों की वजह से भी परेशान रहे हैं।
उत्तर महाराष्ट- 35 सीट
उत्तर महाराष्ट्र में एकबार फिर से भाजपा का दबदबा नजर आ रहा है। यहां महायुति 35 में से 20 से 23 सीटें जीतता दिख रहा है। जबकि, एमवीए को सिर्फ 11 से 14 सीटें ही मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 1 सीट जाने का अनुमान है।
पश्चिम महाराष्ट्र- 70 सीट
पश्चिम महाराष्ट्र को एनसीपी संस्थापक शरद पवार का गढ़ माना जाता है। लेकिन, यहां भी महायुति गठबंधन को 37 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि महा विकास अघाड़ी को सिर्फ 31 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications