महाराष्ट्र: पूर्व विधायक बोले- भाजपा में आकर चैन की नींद सो रहा हूं, नहीं होती कोई पूछताछ
पुणे, 14 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व विधायक हर्षवर्धन पाटिल ने कहा है कि वो अब काफी सुकून से सोते हैं क्योंकि भाजपा में आने के बाद उनसे कोई पूछताछ नहीं हो रही है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए पुणे की इंदापुर विधानसभा से पूर्व विधायक पाटिल ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि जब वो भाजपा में गए तो सवाल होता था कि क्यों गए हो, तो हम कहना चाहते हैं कि यहां हम मजे से सो रहे हैं।

2019 में कांग्रेस से भाजपा में आए थे पाटिल
हर्षवर्धन पाटिल 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। बुधवार को पुणे के मावल में मंच पर अपने साथ बैठे विपक्ष के नेता की ओर इशारा करते हुए पाटिल ने कहा, हमें भी भाजपा में शामिल होना पड़ा था, विपक्ष के लोग पूछ रहे थे कि मैं भाजपा में क्यों चला गए हो, यहां क्या परेशानी है। मैं बता दूं कि यहां सबकुछ शांति से चल रहा है। भाजपा में रहकर मैं चैन की नींद ले पा रहा हूं क्योंकि कोई पूछताछ नहीं हो रही है।

क्या पाटिल ने शरद पवार के बयान का दिया जवाब
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने हाल ही में केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। पाटिल की इस टिप्पणी को शरद पवार के बयान से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

विपक्षी दल लगा रहे हैं भाजपा पर आरोप
विपक्षी दल भाजपा पर अक्सर ये आरोप लगाते रहे हैं कि ईडी, सीबीआई, एनसीबी जैसी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल हो रहा है। हाल ही में महाराष्ट्र में शाहरुख खान के बेटे पर एनसीबी की कार्रवाई को एनसीपी ने पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने भी ऐसे आरोप लगाए थे कि एक ही केस में जो नेता भाजपा में चले गए, उनकी जांच बंद हो गई और टीएमसी के नेताओं पर कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications