Eknath Shinde News: शिवसेना नेता निलेश राणे ने कहा कुणाल कामरा जहां दिखेंगे वहीं चाबुक मारेंगे
Eknath Shinde News: कॉमेडियन कुणाल कामरा की विवादित टिप्पणी पर महाराष्ट्र की सियासत में उबाल आ गया है। उन्होंने खार को यूनिकॉन्टिनेंटल क्लब में आयोजित एक लाइव शो में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसे लेकर आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस टिप्पणी को लेकर शिवसेना (शिंदे) गुट के विधायक निलेश राणे ने कहा कुणाल कामरा जहां दिखेंगे वहीं चाबुक मारेंगे।
शिवसेना नेता संजय निरूपम और निलेश राणे ने कुणाल कामरा को धमकी दी है। संजय निरूपम ने एक्स पोस्ट कर कहा कि कुणाल कामरा की धुलाई करेंगे। वहीं शिवसेना (शिंदे) के विधायक निलेश राणे ने कहा है कि हमें तो जहां कहीं कुणाल कामरा मिलेगा...हम उसकी वहीं धुलाई करेंगे। गौरतलब है कि निलेश राणे नारायण राणे के बेटे और नितेश राणे के भाई हैं।

कुणाल कामरा ने फिल्म दिल तो पागल है के एक गीत के परोडी वर्जन के सहारे डिप्टी सीएम पर निशाना साधा था। उन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए आगे कहा कि सोचोना, इनकी यह पॉलिटिक्स है कि परिवार खत्म करना था, किसी का बाप चुरा लिया। मैं मिलूं कल तेंदुलकर के बेटे को लंच पर, आधा घंटा उसके साथ बिताऊ और तेंदुलकर की तारीफ करूं और बोलूं आज से यह मेरा बाप है। इसके बाद कुणाल गाते हैं "ठाणे की रिक्शा, चेहरे पर दाढ़ी, आंखो में चश्मा, मेरी नजर से तुम देखो तो गद्दार नजर..."
कामरा के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को देखकर शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट की नाराज़गी बढ़ गई। शिवसेना के सदस्यों ने रविवार(23 मार्च) की रात को हैबिटेट कॉमेडी क्लब और होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की, जहाँ यह क्लब स्थित है। पार्टी ने विरोध प्रदर्शन भी किया। पार्टी की युवा शाखा, युवा सेना ने कामरा की तस्वीरें जलाईं और उनकी गिरफ़्तारी की मांग की।
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने खुद से वीडियो बनाकर किया पोस्ट
कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने खुद से वीडियो बनाकर पोस्ट किया जिसमे उन्होंने कहा, आप महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम को 'गद्दार' कहते हैं और फिर उसे कॉमेडी कहते हैं। यह कॉमेडी नहीं बल्कि अश्लीलता है। यह कुणाल कामरा कौन है जिसे यूबीटी ने ध्यान भटकाने के लिए कठपुतली की तरह इस्तेमाल किया है? क्या आप सस्ती लोकप्रियता के लिए इस स्तर तक जा सकते हैं? शायद आपको नहीं पता कि एकनाथ शिंदे एक ऑटोरिक्शा चालक थे जो सीएम बन गए। यह आकांक्षा है, कॉमेडी नहीं। आपका क्या होने वाला है यह एक त्रासदी है।
आदित्य ठाकरे ने X पर किया पोस्ट
आदित्य ठाकरे ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- मिंधे के कायर गिरोह ने कॉमेडी शो का मंच तोड़ दिया, जहां कॉमेडियन @kunalkamra88 ने एकनाथ मिंधे पर एक गाना गाया जो 100% सच था। केवल एक असुरक्षित कायर ही किसी के गाने पर प्रतिक्रिया कर सकता है। वैसे राज्य में कानून और व्यवस्था कैसी है? एकनाथ मिंधे द्वारा सीएम और गृह मंत्री को कमजोर करने का एक और प्रयास।
संजय राउत ने कहा कि कुणाल कामरा एक प्रसिद्ध लेखक और स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। कुणाल ने महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर एक पैरोडी गीत की रचना की। इससे शिंदे गुट नाराज हो गया और स्टूडियो में तोड़फोड़ की।












Click it and Unblock the Notifications