RSS के गढ़ में कांग्रेस की बड़ी जीत, 30 सीटों पर जमाया कब्जा, जानिए BJP को कितनी मिलीं?
नागपुर, अक्टूबर 06: महाराष्ट्र में 84 जिला परिषद सीटों और 141 पंचायत समिति सीटों के लिए हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती जारी है। कुल मिलाकर, जिला परिषदों की सीटों के लिए 367 और पंचायत समितियों की सीटों के लिए 555 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इस पूरे चुनाव में सबसे अधिक चौंकाने वाले नजीते आरएसएस के गढ़ नागपुर से सामने आए हैं। यहां पर कांग्रेस ने बीजेपी का सूपड़ा साफ कर दिया है।

नागपुर में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली
नागपुर में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। यहां जिला परिषद की 16 सीटों में से कांग्रेस को 9 सीटें, भाजपा को 3, एनसीपी को दो और अन्य को दो सीटें मिली हैं। पंचायत समिति की 31 सीटों में से 29 सीटों के चुनाव परिणाम आ गए हैं। इसमें कांग्रेस ने 21 सीटें, भाजपा ने पांच, एनसीपी ने दो और अन्य ने एक सीट जीती है। नागपुर में कांग्रेस बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। यहां कांग्रेस के सुनील केदार और बीजेपी के चंद्रशेखर बावनकुले की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी।

16 सीटों में कांग्रेस ने 9 सीटें जीती हैं
जिला परिषद में नागपुर की सभी 16 सीटों में कांग्रेस ने 9 सीटें लेकर अपना परचम लहरा दिया है। बीजेपी 3 सीटें लेकर दूसरे नंबर पर है। शिवसेना का तो खाता भी नहीं खुला है। एनसीपी 2 सीटें लेकर नंबर तीन पर है। यानी नागपुर में कांग्रेस अपने दम पर बीजेपी को जबरदस्त पटखनी दी है। पंचायत समिति की बात करें तो सभी 31 सीटों में कांग्रेस ने 21 सीटें भाजपा ने पांच, एनसीपी ने दो और अन्य ने एक सीट जीती हैं। हालांकि अन्य जगहों पर कांग्रेस का प्रदर्शन उतना शानदार नहीं रहा ।

पालघर में शिवसेना का जलवा
पालघर में शिवसेना का जलवा देखने को मिला है। इस चुनाव में यहां भारतीय जनता पार्टी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का गठबंधन का ज्यादा असर नहीं दिखा है। यहां शिवसेना ने बाजी मारी है। पालघर पंचायत समिति की कुल 14 सीटों में बीजेपी को 3, शिवसेना को 5, एनसीपी 2, कांग्रेस 0, अन्य को1 सीट मिली है। वहीं पालघर जिला परिषद की कुल 15 सीटों में बीजेपी 5, शिवसेना 5, एनसीपी 4, कांग्रेस 0, अन्य को 1 सीट मिली है।

अकोला में निर्दलीय उम्मीदवारों का जलवा
उधर अकोला में निर्दलीय उम्मीदवारों का जलवा देखने को मिला। अकोला पंचायत समिति की कुल 28 सीटों में बीजेपी ने 4, शिवसेना ने 5, और अन्य ने 19 सीटें जीती हैं। यहां पर कांग्रेस और एनसीपी का खाता भी नहीं खुला। वाशिम जिले में 14 सीटों के लिए मतदान हुआ है। अब तक बीजेपी का खाता भी नहीं खुला है। कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं। एनसीपी को 1 मिली है। शिवसेना को 1 सीट मिली है।

नंदुरबार में शिवसेना सबसे आगे
नंदुरबार पंचायत समिति की कुल 14 सीटों में बीजेपी ने 3, शिवसेना ने 6, एनसीपी ने 1, कांग्रेस ने 4 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं नंदुरबार जिला परिषद की कुल 11सीटों में बीजेपी ने 4, शिवसेना ने 3, एनसीपी ने 1, कांग्रेस ने 3 सीटों अपनी झोली में डालने में कामयाब रहीं। जिला परिषद की कुल 85 सीटों में से शिव सेना को 12, कांग्रेस को 17, एनसीपी को 17 और भाजपा को 23 सीटों पर जीत मिली है। अन्य के खाते में 16 सीटें गई हैं। पंचायत समिति की 144 सीटों में भाजपा को 33, शिव सेना को 22, एनसीपी को 16, कांग्रेस को 35 और अन्य को 38 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications