शरद पवार के इस्तीफे पर कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया, कहा- इसका असर गठबंधन पर नहीं होगा
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वे एनसीपी का अध्यक्ष पद छोड़ देंगे।

एनसीपी चीफ शरद पवार ने अचानक से मंगलवार को पार्टी चीफ के पद से इस्तीफा दे दिया। शरद पवार द्वारा अचानक पद छोड़ने के बाद राजनीति में भूचाल मच गया है। अब इस पूरे मामले पर महाविकास अघाड़ी की सहयोगी पार्टी कांग्रेस का रिएक्शन आया है।
शरद पवार के इस्तीफे पर महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि, हमें लगा था कि शरद पवार आखिरी सांस तक सार्वजनिक जीवन में रहेंगे लेकिन आज उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, यह हम नहीं बता सकते।
नाना पटोले ने कहा कि, इसका असर महा विकास अघाड़ी (एमवीए) पर नहीं पड़ेगा। हमें उम्मीद है कि एनसीपी का नया अध्यक्ष एमवीए के साथ रहेगा। यह एनसीपी का आंतरिक मामला है और जहां तक महाविकासी अघाड़ी का सवाल है तो उनका (शरद पवार) मार्गदर्शन हमें मिलता रहेगा और महाविकास अघाड़ी अच्छे से चलेगी।
शरद पवार के इस्तीफे के बाद पार्टी के अन्य नेता अभी भी शरद पवार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, अजित पवार ने सुप्रिया सुले को इस पूरे घटनाक्रम पर कुछ भी न बोलने की सलाह दी है। वहीं एनसीपी कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि सुप्रिया सुले को शरद से बात करनी चाहिए।
शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर शरद पवार से एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि गंदी राजनीति और आरोपों से तंग आकर शिवसेना सुप्रीम बाला साहेब ठाकरे ने भी शिवसेना प्रमुख पद से इस्तीफा दिया था। ऐसा लगता है कि इतिहास खुद को दोहरा रही है। हालांकि, शिवसैनिकों के प्यार के सामने उन्हें अपना इस्तीफा वापस लेना पड़ा था। बाला साहेब की तरह ही पवार साहेब भी राज्य की राजनीति के भूमि पुत्र हैं।












Click it and Unblock the Notifications