Maharashtra:शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होंगे मिलिंद देवड़ा? जानें पार्टी छोड़ने पर क्या बोले कांग्रेस नेता
Maharashtra Congress Milind Deora: महाराष्ट्र की राजनीति में रोजाना कुछ ना कुछ नया हो रहा है। हाल ही में शिवसेना के दोनों धड़ों में उस वक्त घमासान मच गया, जब महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने विधायकों की अयोग्यता पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को झटका देते हुए शिंदे गुट को असली पार्टी करार दिया। वहीं मीडिया में खबर चल रही है कि कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा अपने समर्थकों के साथ महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं।
ऐसे में अब खुद कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने पर चुप्पी तोड़ी है। मीडिया के कुछ हिस्सों में चल रही खबरों से जुड़े एक सवाल का खुद मिलिंद देवड़ा ने जवाब दिया है।

क्या पार्टी छोड़ रहे मिलिंद देवड़ा?
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की खबरों और कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर मिलिंद देवड़ा ने कहा कि ये सिर्फ अफवाहें हैं। शनिवार को देवड़ा ने उन सभी खबरों का खंडन कर दिया, जिसमें उनके कांग्रेस पार्टी छोड़ने के कयास लगाए जा रहे थे।
मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र पर शिवसेना (यूबीटी) के दावे पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी व्यक्त करने के बावजूद कांग्रेस नेता ने पार्टी छोड़ने की खबरों को सिर्फ अफवाह करार किया है।
उद्धव गुट का दावा नहीं आया रास
मालूम हो कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले समूह ने आगामी आम चुनावों में मुंबई दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से लड़ने का दावा किया था, जिसका प्रतिनिधित्व 2014 से पहले देवड़ा करते थे, जो कांग्रेस नेता को पसंद नहीं आया।
पिछले रविवार को जारी एक वीडियो बयान में देवड़ा ने कहा कि अगर "गठबंधन भागीदार" द्वारा इस तरह के बयान बंद नहीं हुए, तो उनकी पार्टी भी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।
देवड़ा ने दिया था बयान
देवड़ा ने कहा था, 'दक्षिण मुंबई सीट परंपरागत रूप से कांग्रेस के पास है। देवड़ा परिवार 50 वर्षों से दक्षिण मुंबई के लोगों की सेवा कर रहा है। भले ही हम सांसद हों या नहीं, हम क्षेत्र के लोगों के लिए काम करते हैं। हम किसी लहर में नहीं चुने गए हैं। हमने अपने काम और रिश्तों की वजह से सीट जीती है।
इतना ही नहीं उन्होंने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा था कि मैं दक्षिण मुंबई के सभी कार्यकर्ताओं को बताना चाहता हूं कि गठबंधन के लिए, एमवीए (महा विकास अघाड़ी) के लिए, लोकसभा चुनाव आसान नहीं होंगे। किसी को भी सार्वजनिक बयान और दावे नहीं करने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications