मुंबई: दो साल बाद बाबा सिद्दीकी देंगे इफ्तार पार्टी, फिल्मी सितारों का लगेगा जमावड़ा
मुंबई, 13 अप्रैल: कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी इस साल फिर से इफ्तार पार्टी देने जा रहे हैं। मुंबई में रहने वाले बाबा सिद्दीकी दो साल से कोरोना महामारी के चलते इफ्तार पार्टी नहीं दे पा रहे थे। कोरोना संक्रमण घटने के बाद इस साल एक बार फिर बाबा सिद्दीकी और मुंबई के बांद्रा वेस्ट से कांग्रेस विधायक, उनके बेटे जीशान सिद्दीकी ये दावत देने जा रहे हैं। मुंबई में रहने वाले बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी काफी खास है क्योंकि इसमें तकरीबन सारा बॉलीवुड और राज्य के कई बड़े राजनेता शिरकत करते हैं।

17 अप्रैल को होगी इफ्तार पार्टी
इसी हफ्ते रविवार (17 अप्रैल) को ताज लैंड्स एंड में बाबा सिद्दीकी ने इफ्तार पार्टी रखी है। बाबा सिद्दीकी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, पेंडेमिक के चलते जो हालात थे, उसे देखते हुए पिछले दो साल हमने इफ्तार पार्टी ऑर्गेनाइज नहीं करने का फैसला लिया था। रमजान में हालांकि मैं दोस्तों संग बैठकर इफ्तार करना और बात करना काफी मिस करता थी। इस साल मैं बहुत खुश हूं कि ये इवेंट होने वाली है। हमारी इफ्तार पार्टी 17 अप्रैल 2022 को होगी।

फिर जुटेंगे फिल्मी सितारे!
बाबा सिद्दीकी की पार्टी में शाहरुख खान, सलमान खान, सुनील शेट्टी, कैटरीना कैफ, संजय दत्त जैसे तमाम बड़े सितारे जुटते रहे हैं। खास बात ये है कि उनकी पार्टी में आपसी मनमुटाव को भुलाकर फिल्मी सितारे और अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग पहुंचते हैं। कई फिल्मी सितारों के बीच के झगड़े भी बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में दूर हुए हैं। ऐसे में अस साल फिर से उनके इफ्तार के आयोजन में फिल्मी सितारों के जुटने की उम्मीद है।

कौन हैं बाबा सिद्दीकी
बाबा सिद्दीकी मुंबई में कांग्रेस के बड़े चेहरों में गिने जाते हैं। राजनेता और कारोबारी बाबा सिद्दीकी मुंबई के बांद्रा पश्चिम सीट से कई बार विधायक रहे हैं। फिलहाल उनके बेटे इसी सीट से विधायक हैं। बांद्रा मुंबई का वो इलाका हैं, जहां फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग रहते हैं। बाबा सिद्दीकी की फिल्म इंडस्ट्री के बीच तगड़ी पैठ मानी जाती है। कहा जाता है कि फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के कई झगड़े भी उनके घर पर सुलटते हैं।












Click it and Unblock the Notifications