'वरना आपको घर बैठना पड़ेगा', महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने क्यों भरे सदन में लगाई विधायक की फटकार?
Devendra Fadnavis reprimanded MLA: नागपुर में महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन था। सत्र में दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा लेकिन 9 दिसंबर को विधानसभा में एक असामान्य घटना देखने को मिली, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी ही भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक पर आगबबूला हो गए और भरे सदन में जमकर फटकार लगा दी। इसके साथ ही सीएम ने विधानसभा में सभी विधायकों को कड़ी चेतावनी दे डाली ।
औसा के भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार द्वारा बार-बार 'लाडकी बहीण' (प्यारी बहन) शब्द के बार-बार इस्तेमाल पर कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रश्नकाल के दौरान राज्य सरकार की अहम 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन' योजना का बार-बार उल्लेख न किया जाए।

भाजपा विधायक पर क्यों भड़के फडणवीस?
दरअसल, विधायक अभिमन्यु पवार सदन में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में "लाडकी बहीणों" की सबसे बड़ी समस्या अवैध शराब बिक्री है। अपने बयान में उन्होंने बार-बार इस वाक्यांश का प्रयोग किया, जिससे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नाराज हो गए। फडणवीस ने पहले भी विरोधियों को हर मुद्दे से 'लाडकी बहीण' को न जोड़ने की हिदायत दी थी।
चेतावनी के बावजूद 'लाडकी बहीण' का फिर किया जिक्र
इसके बावजूद विधायक पवार ने कहा, "मुझे अवैध शराब का मुद्दा उठाना है। पिछली सरकार में और अब तक दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखे गए हैं। आपके कार्यालय में तीन बैठकें भी हुईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। यह एक सामाजिक विषय है और हर विधायक की चिंता है। ग्रामीण इलाकों के विधायकों को इससे रोज परेशानी होती है, कहीं भी जाएं तो लोग अवैध शराब के बारे में पूछते हैं। हम 'लाडकी बहीण' कहते हैं, लेकिन अगर उनकी कोई समस्या है तो वह अवैध शराब पर लगाम लगाने की है। इसमें सुधार की जरूरत है। अगर बैठकें और निर्देश देने के बाद भी कुछ नहीं होता, तो यह चिंता का विषय है।"
भड़क उठे सीएम, बोले- वरना घर बैठना पड़ेगा
हिदायत के बावजूद विधायक ने इस शब्द का इस्तेमाल किया, तो मुख्यमंत्री का गुस्सा भड़क उठा। उनकी नाराजगी साफ दिखाई पड़ रही थी। फडणवीस ने कहा सदन के सदस्यों को इसे 'सामान्य राजनीतिक संदर्भ' के तौर पर इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। फडणवीस ने विधायक अभिमन्यु पवार को फटकार लगाते हुए कहा, "मैं फिर कह रहा हूं कि हर बात में 'लाडकी बहीण' को मत लाइए। 'लाडकी बहीण' के खिलाफ मत जाइए, वरना घर बैठना पड़ेगा।
सदन में कुछ देर के लिए छा गया सन्नाटा
'लाडकी बहीण' योजना के पैसे चलते रहेंगे, यह योजना जारी रहेगी। उस योजना की तुलना किसी दूसरी योजना से नहीं की जा सकती। यदि विधानसभा अध्यक्ष ने कोई निर्देश दिए हैं और उनका पालन नहीं हुआ है, तो उसे तुरंत अमल में लाया जाएगा।" मुख्यमंत्री ने साफ किया कि इस तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके सख्त रुख से सदन में कुछ देर सन्नाटा छा गया। इसके बाद किसी भी विधायक ने इस योजना का जिक्र अपने भाषण में नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications