मुंबई: मंत्री असलम शेख और वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, तलवार लहराने का मामला
मुंबई, 28 मार्च: कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत का विवाद बढ़ता जा रहा है। अब महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख और वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ मुंबई के एक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक दोनों मंत्रियों के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक ये मामला कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत के लिए एक सार्वजनिक कार्यक्रम में तलवार लहराने के बाद दर्ज किया गया है। बता दें कि 26 मार्च को बांद्रा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में इमरान प्रतापगढ़ी का स्वागत किया गया था। इस दौरान दोनों मंत्रियों पर मंच से तलवार लहराने का आरोप है। तलवार लहराने की फोटो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
इधर, तलवार लहराने के मामले में महाराष्ट्र की राजनीति इन दिनों काफी गरमाई हुई है। पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में कांग्रेस के कई नेताओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी पूछताछ की जा सकती है।
बता दें कि इन दिनों महाराष्ट्र की सियासी तापमान काफी चढ़ा हुआ है। दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लांड्रिंग के मामले में उद्धव सरकार के मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद राजनीति पूरी तरह से गरमाई हुई है। राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग जारी है। वहीं नेता एक-दूसरे पर लगातार आरोप लगा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications