Maharashtra: ओवैसी के विधायक ने बीच सड़क बनवाया टीपू सुल्तान का स्मारक, अब चला सरकारी बुलडोजर
महाराष्ट्र के धुले में टीपू सुल्तान के विवादित स्मारक को तोड़ दिया गया। बीजेपी इसका विरोध कर रही थी।

महाराष्ट्र में औरंगजेब और टीपू सुल्तान को लेकर विवाद जारी है। अब धुले शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं, जहां प्रशासन ने टीपू सुल्तान के स्मारक को तोड़ दिया। ये कार्रवाई बीजेपी नेताओं की शिकायत पर की गई है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि वडजई में हंड्रेड फीट स्ट्रीट पर एक चौक है। कुछ वक्त पहले एआईएमआईएम विधायक फारुक अनवर शाह ने उसका सौंदर्यीकरण करवाया। उस दौरान ही वहां पर एक चबूतरे का निर्माण हुआ, जिसका नाम टीपू सुल्तान के नाम पर रख दिया गया।
इस बात की खबर मिलते ही बीजेपी नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर विधायक ने जानबूझकर टीपू सुल्तान का स्मारक बनवा दिया। इस बारे में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस को पत्र भी लिखा गया। साथ ही स्थानीय अधिकारियों से भी इसे हटाने की मांग की गई।
कलेक्टर को जब इस बात की खबर मिली, तो उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से सवाल किया, लेकिन वो जवाब नहीं दे पाए। ऐसे में अब उस पर बुलडोजर चला है। वहीं इस कार्रवाई से पहले वहां पर रखी एक मूर्ति को अनजान लोगों ने हटा लिया।
हो रहा था ट्रैफिक जाम
बीजेपी युवा मोर्चा ने भी इसको लेकर विधायक फारूक शाह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उसके पदाधिकारियों के मुताबिक डी मार्ट से बायपास हाइवे तक 100 फीट की सड़क का निर्माण हुआ था। उसके बीच में ही स्मारक बनवा दिया गया, जिस वजह से रोजाना ट्रैफिक जाम लगता था।
विधायक पर कार्रवाई की मांग
वैसे तो स्मारक हटा दिया गया है, लेकिन बीजेपी नेता ओवैसी की पार्टी के विधायक पर कार्रवाई की मांग कर रहे। उनका आरोप है कि ये जानबूझकर किया गया था, जिससे जनता के पैसे की बर्बादी हुई।
शांतिपूर्ण ढंग से विवाद सुलझा: डीएम
मामले में कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से पूरे विवाद को सुलझा लिया है। उन्होंने सभी पक्षों से इस बारे में बात की थी, इसके बाद ही स्मारक को हटाने का फैसला हुआ।












Click it and Unblock the Notifications