BMC Mayor Election: मेयर के चुनाव तक शिवसेना के जीते हुए पार्षद होंगे 'कैद', एकनाथ शिंदे को किसका डर सता रहा?
BMC Mayor Election: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद अब मेयर पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि मेयर बीजेपी का हो सकता है। इसी बीच एकनाथ शिंदे को अपनी पार्टी के जीते हुए पार्षदों के दल-बदल का डर सताने लगा है। इसे देखते हुए पार्टी ने अपने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को एक साथ सुरक्षित रखने की योजना बनाई है।
सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने इसके लिए प्लान तैयार कर लिया है। बीएमसी में मेयर चुनाव तक पार्टी के जीते हुए पार्षदों को पांच सितारा होटल में ठहराया जाएगा। इसे पार्टी का "सिक्योरिटी प्लान" बताया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की राजनीतिक तोड़फोड़ या दबाव से पार्षदों को दूर रखा जा सके।

BMC Mayor Election: शिंदे गुट अलर्ट, 5 स्टार में रहेंगे पार्षद
निकाय चुनाव के नतीजों ने सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, देश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। ऐसे में एकनाथ शिंदे नहीं चाहते हैं कि मेयर चुनाव से पहले दल-बदल या पार्षदों के पाला बदलने की घटना हो। इसी वजह से सभी जीते हुए पार्षदों को अगले कुछ दिनों तक लाइमलाइट से दूर रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि जीते हुए सभी पार्षदों को मुंबई के बाहरी हिस्से में बने किसी 5-स्टार रिजॉर्ट या होटल में ठहराया जा सकता है।
BMC चुनाव में महायुति ने बहुमत का आंकड़ा किया पार
- शुक्रवार को घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने क्लीन स्वीप किया है। 227 सीटों वाली बीएमसी में 118 सीटें जीत लीं।
- बहुमत के लिए जरूरी 114 सीटों का आंकड़ा पार करते हुए महायुति ने देश की सबसे अमीर नगर पालिका पर कब्जे की दिशा में मजबूत पैठ बना ली है।
- इस गठबंधन में भाजपा को 89 सीटें मिलीं, जबकि शिवसेना ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की। शिवसेना (UBT), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) का गठबंधन कुल 72 सीटों पर सिमट गया।
BMC Election Result: उद्धव ठाकरे और शरद पवार को बड़ा नुकसान
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को 65 सीटें, मनसे को छह और शरद पवार गुट की एनसीपी को सिर्फ एक सीट मिली। दूसरे दलों के प्रदर्शन की बात करें, तो कांग्रेस ने 24, AIMIM ने आठ, अजित पवार गुट की एनसीपी ने तीन और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। दो निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे। करीब नौ साल बाद हुए इन बहुप्रतीक्षित चुनावों के बाद अब सबकी नजरें बीएमसी के मेयर चुनाव पर टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications