BMC elections: कौन हैं हाजी सलीम कुरैशी? शिंदे की शिवसेना के प्रत्याशी पर हुआ चाकू से जानलेवा हमला
BMC elections: मुंबई में बीएमसी चुनाव से ठीक पहले एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार हाजी सलीम कुरैशी पर जानलेवा हमला हुआ है। चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस सनसनीखेज घटना ने शहर के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम बांद्रा के संत ज्ञानेश्वर नगर इलाके में प्रचार करते समय एक हमलावर ने उनके पेट में चाकू से वार किया। इस हमले के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हाजी सलीम कुरैशी खतरे से बाहर हैं। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
कौन हैं हाजी सलम कुरैशी?
हाजी सलीम कुरैशी बांद्रा के वार्ड नंबर 92 से शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के उम्मीदवार के रूप में बीएमसी चुनाव लड़ रहे हैं। गौरतलब है कि पहले वे एमआईएम से जुड़े थे, लेकिन चुनाव से ठीक पहले उन्होंने पाला बदलकर शिंदे गुट का दामन थामा था।
हाजी सलीम कुरैशी मुंबई के स्थानीय राजनीति में सक्रिय हैं और लंबे समय से जनता से जुड़े रहे हैं - स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं के समाधान और सामाजिक कामों में भाग लेकर उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। पिछले कई वर्षों से जनता की सेवा कर रहे हैं।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में हो रहा खूनखराब
महाराष्ट्र में चुनावी हिंसा की यह अकेली घटना नहीं है।
- शिवसेना नेता प्रमोद नाना भानगिरे ने बताया कि पुणे के श्रीराम चौक के पास चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर पथराव किया गया। इस दौरान शिवसेना उम्मीदवार सारिका पवार को भी निशाना बनाया गया था।
- भानगिरे के अनुसार, पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर मामला दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर रही है।
- महाराष्ट्र AIMIM के प्रमुख इम्तियाज जलील ने छत्रपति संभाजीनगर में अपनी पार्टी की रैली पर हमले का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, रैली की अनुमति थी और पुलिस भी मौजूद थी, फिर भी 20-25 हथियारबंद लोगों ने समर्थकों और वाहनों पर हमला किया।
इस हमले में कई समर्थक घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुँचा। जलील ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक सिद्धांतों के तहत शांतिपूर्ण चुनाव लड़ रही है और ऐसी हिंसा या धमकियों से वे पीछे नहीं हटेंगे, बल्कि यह उन्हें और मजबूत करेगी।
15 जनवरी को होगा मतदान
बता दें, महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ सहित राज्य की 29 नगर निगमों में चुनाव की घोषणा की है। इन चुनावों के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा और वोटों की गिनती 16 जनवरी को की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications