BMC Budget 2026: मुंबई के लिए खुला खजाना, ₹80,952 करोड़ का बजट पेश, प्वाइंट में समझें किसे क्या-क्या मिला?
BMC Budget 2026: एशिया की सबसे धनी मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया है। पालिका आयुक्त प्रशासक भूषण गगराणी ने मंगलवार को स्थायी समिति के समक्ष ₹80,952 करोड़ का यह विशाल बजट पेश किया। प्रशासनिक शासन के बाद यह पहली बार महापौर की उपस्थिति में आया है, जो इसे भाजपा कार्यकाल का पहला बजट भी बनाता है।
यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष से 8.77 प्रतिशत अधिक है। ₹80,952 करोड़ का कुल आकार मुंबई के विकास और संचालन हेतु एक महत्वाकांक्षी योजना है।

मुंबई मनपा का बजट सामान्यतः 5 फरवरी तक प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है, परंतु इस बार इसमें 20 दिनों का विलंब हुआ। इसका मुख्य कारण महापौर पद आरक्षण, चुनाव प्रक्रियाएं, पहली सभा का आयोजन और स्थायी समिति गठन में लगा समय था।
शिक्षा के लिए ₹4,248.08 करोड़ का एक अलग बजट
शिक्षा विभाग के लिए ₹4,248.08 करोड़ का एक अलग बजट बुधवार को शिक्षा समिति अध्यक्ष को सौंपा गया। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष के संशोधित बजट से ₹573.98 करोड़ अधिक है।
शिक्षा की कल्याणकारी योजनाओं में मुफ्त स्कूल आपूर्ति के लिए (प्राथमिक ₹150.57 करोड़, माध्यमिक ₹37 करोड़) और 1,203 नगर निगम स्कूलों के 7,953 क्लासरूम को LED के माध्यम से डिजिटल बनाने के लिए ₹23.38 करोड़ (प्राथमिक) और ₹1.08 करोड़ (माध्यमिक) रखे गए हैं।
बीईएसटी बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा
कक्षा 1 से 10 तक के छात्रों को बीईएसटी बस में मुफ्त यात्रा सुविधा जारी रहेगी, और निश्चित रूटों पर विशेष बसें भी चलेंगी। योजना में प्राथमिक स्तर पर ₹6 करोड़ और माध्यमिक स्तर पर ₹12.70 करोड़ का प्रावधान है।
मिशन सफल' शुरू होगा
नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 के तहत 2026-27 में 'मिशन सफल' शुरू होगा। यह मिशन शारीरिक क्षमता, स्काउट-गाइड गतिविधियाँ, संगीत, कला व कार्य-अनुभव आधारित सीखने पर केंद्रित है।
'गर्ल्स अटेंडेंस अलाउंस' योजना के लिए 5 करोड़
'गर्ल्स अटेंडेंस अलाउंस' योजना में कक्षा 1 से 8 तक की छात्राओं को फिक्स्ड डिपॉजिट सर्टिफिकेट मिलेंगे; इसके लिए प्राथमिक स्तर पर ₹5 करोड़ और माध्यमिक स्तर पर ₹26 लाख का प्रावधान है।
बांग्लादेशियों पर कसेगी नकेल
नगर निगम क्षेत्र में अनधिकृत हॉकरों, विशेषकर बांग्लादेशी मूल के विक्रेताओं के खिलाफ अभियान को अब और तेज़ किया जाएगा, ताकि शहर में अवैध व्यापार पर प्रभावी ढंग से लगाम लग सके।
हॉकरों के लिए क्यूआर कोड-आधारित सर्टिफिकेट जारी होंगे
अधिकृत हॉकरों की पहचान के लिए क्यूआर कोड-आधारित सर्टिफिकेट जारी होंगे। भविष्य में केवल क्यूआर कोड युक्त प्रमाणित पहचान पत्र वाले हॉकर ही वैध माने जाएंगे, जिससे वैध-अवैध विक्रेताओं में स्पष्ट अंतर स्थापित होगा व अभियान सफल बनेगा।
बीएमसी 'ग्रीन बॉन्ड' जारी करेगा
बीएमसी मुंबई में बड़े विकास परियोजनाओं और बुनियादी ढाँचे के लिए 'ग्रीन बॉन्ड' जारी करेगी। इनसे ₹1000 करोड़ जुटाने का लक्ष्य है, जिसमें ₹100 करोड़ का केंद्रीय अनुदान भी मिलेगा।बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने BEST के लिए ₹1000 करोड़ का प्रावधान किया है। यह राशि BEST की खराब वित्तीय हालत के मद्देनजर 2026-27 के बजट अनुमान में अनुदान के रूप में प्रस्तावित की गई है।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में, वर्सोवा-दहिसर कोस्टल रोड को ₹4,000 करोड़ का प्रस्ताव मिला है।
मुंबई में फिर लगेगा मनोरंजन कर!
इसके अलावा आगामी अक्टूबर माह से मनोरंजन कर भी लागू किया जाएगा।
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड
गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड के लिए ₹2,650 करोड़ भी प्रस्तावित हैं।
म्युनिसिपल अस्पताल
एक नए म्युनिसिपल अस्पताल के लिए भी ₹1,062 करोड़ का प्रस्ताव है।












Click it and Unblock the Notifications